पूर्णिया में केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान ने किया एनडीए के मुख्य चुनावी कार्यालय का शुभारंभ, कहा-पूर्णिया में फिर खिलेगा कमल

Spread the love

कार्यक्रम की शुरुआत केंद्रीय मंत्री धर्मेंद्र प्रधान, सांसद व अन्य अतिथियों द्वारा संयुक्त रूप से श्रीफल तोड़कर और दीप प्रज्ज्वलित कर की गई।

इस अवसर पर प्रेस वार्ता को संबोधित करते हुए धर्मेंद्र प्रधान ने कहा कि “पूर्णिया की जनता विकास, सुशासन और स्थायित्व चाहती है। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश ने जो गति पकड़ी है, उसे बिहार और विशेष रूप से पूर्णिया की जनता ने सबसे पहले महसूस किया है। यहां के लोग जानते हैं कि कमल ही विकास का प्रतीक है, इसलिए इस बार पूर्णिया से रिकॉर्ड मतों से विजय खेमका की जीत सुनिश्चित है।”

उन्होंने कहा कि “केंद्र और राज्य की एनडीए सरकारें जनकल्याणकारी योजनाओं को अंतिम व्यक्ति तक पहुँचाने के लिए प्रतिबद्ध हैं। प्रधानमंत्री आवास योजना, उज्ज्वला योजना, जन धन योजना और मुफ्त राशन जैसी योजनाओं ने गरीबों के जीवन में स्थायी बदलाव लाया है। हमें विश्वास है कि पूर्णिया की जनता इसी विकास यात्रा को आगे बढ़ाएगी।”

छत्तीसगढ़ के विधायक सुनील सोनी ने कहा कि पूर्णिया की जनता का उत्साह देखकर स्पष्ट है कि यहाँ भाजपा और एनडीए के प्रति गहरा विश्वास है। वहीं, जदयू जिलाध्यक्ष अविनाश सिंह और आरएलएम अध्यक्ष रमेश कुशवाहा ने संयुक्त रूप से कहा कि “पूर्णिया विधानसभा में भारी मतों से कमल खिलाने का संकल्प हर कार्यकर्ता ने लिया है।”

शुभारंभ अवसर पर संत मुरारी बाबा तथा जीवन ज्योति केंद्र कबीर मठ के आचार्य जितेंद्र बाबा ने विजय खेमका को जीत का आशीर्वाद देते हुए कहा कि “पूर्णिया में फिर से कमल खिलेगा।” कार्यक्रम के अंत में पूरे परिसर में “फिर एक बार—कमल खिलेगा” के जयघोष से माहौल गूंज उठा।