खुद को कानून से ऊपर न समझें ओलीः आर्याल

Spread the love

आर्याल ने मंगलवार को सुरक्षा समिति की बैठक के बाद स्पष्ट किया कि जिन लोगों का पासपोर्ट रद्द किया गया है वो देश छोड़ कर बाहर जाने की चेष्टा न करें और जिन्हें काठमांडू से बाहर जाने पर रोक लगाई गई है उन्हें भी इसका पालन करना चाहिए।

एक दिन पहले ही ओली ने सरकार को चुनौती देते हुए कहा था कि वो सरकार के द्वारा काठमांडू छोड़ कर बाहर नहीं जाने के निर्देश का पालन नहीं करेंगे। उन्होंने कहा कि छठ के बाद वो बाहर जाने वाले हैं। अगर सरकार में हिम्मत हो तो उनको रोक कर दिखाए। इतना ही नहीं ओली ने सुशीला कार्की को प्रधानमंत्री के रूप में मान्यता नहीं दिए जाने और उनके द्वारा घोषित चुनाव का बहिष्कार करने की बात कही थी। इस पर सुरक्षा समिति की बैठक में चर्चा की गई और यह तय किया गया है कि यदि ओली सरकार के निर्देशों का पालन नहीं करते हैं तो उनके खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी।

गृहमंत्री ने बताया कि देश रूल ऑफ लॉ से चलता है। ओली को देश का कानून और सरकार का निर्देश मानना होगा। उन्होंने कहा कि ओली के पास कोई भी विशेषाधिकार नहीं है कि वो सरकार को नहीं मानेंगे या सरकार के निर्देशों को नहीं मानेंगे। अर्याल ने कहा कि यह सरकार आम जनता की क्रांति के बाद बनाई गई है इसलिए किसी को यह कहने का अधिकार नहीं है कि वो सरकार को नहीं मानेंगे।

————