निगम ने धमतरी बस स्टैंड में अतिरिक्त कब्जा हटाया

Spread the love

नगर निगम की टीम ने मौके पर पहुंचकर अतिक्रमण हटाया तथा दुकानदारों को व्यवस्थित तरीके से दुकान संचालित करने की सख्त हिदायत दी है। साथ ही निगम द्वारा ऐसे दुकानदारों को नोटिस जारी किया गया है। निगम प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि भविष्य में यदि कोई दुकानदार अतिक्रमण करता पाया गया तो उसके विरुद्ध कठोर कार्रवाई की जाएगी और दुकान का आबंटन भी निरस्त किया जा सकता है। आयुक्त प्रिया गोयल ने कहा कि शहर की स्वच्छता एवं यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए निगम द्वारा लगातार अतिक्रमण विरोधी अभियान चलाया जा रहा है। उन्होंने नागरिकों और व्यापारियों से अपील की कि वे सहयोग करें और निर्धारित स्थान पर ही दुकानें संचालित करें।

उपायुक्त पीसी सार्वा ने दुकानों को व्यवस्थित तरीके से लगाने के निर्देश दिए थे ताकि बस स्टैंड का परिसर स्वच्छ और सुंदर लगे और कचरा मुक्त रहे। उल्लेखनीय है कि हाल हीं में बस स्टैंड का निरीक्षण निगम, पुलिस, यातायात विभाग और परिवहन विभाग द्वारा संयुक्त रूप से किया गया था। जिसमें अनावश्यक रूप से खड़ी बसों को बस स्टैंड के समीप ही पार्किंग स्थल में रखने पर सहमति बनी है जिसके चलते स्थल की सफाई निगम ने कराया। बस का नंबर लगने पर ही बस स्टैंड में खड़ी हो इस पर भी चर्चा हुई है। बस स्टैंड को व्यवस्थित करने की दिशा में पहल की जा रही है। इस कड़ी में दुकानों को व्यवस्थित करने का कार्य निगम और यातायात विभाग द्वारा किया गया है। आगामी दिनों में शीघ्र ही बस एसोसिएशन के साथ संयुक्त रूप से बैठक आयोजित की जाएगी।