झरिया स्थित बीसीसीएल के एरिया 9 बस्ताकोला कोलियरी क्षेत्र पिछले 15 दिनों से अंधकार में डूबा है। बताया जाता है कि 15 दिन पहले यहां का बिजली ट्रांसफार्मर जल गया था। जिस वजह से क्षेत्र में बिजली आपूर्ति बाधित है। दुर्गा पूजा जैसे पावन अवसर पर भी क्षेत्र में बिजली बहाल नहीं होने के कारण बुधवार को लोगों का गुस्सा फूट पड़ा और बीसीसीएल के बस्ताकोला कोलियरी कार्यालय का गेट जामकर लोग विरोध प्रदर्शन करने लगे । इस दौरान ग्रामीणों ने बीसीसीएल कार्यालय के मुख्य गेट पर ताला जड़ वही धरना पर बैठ गए।
बताया जा रहा है कि ट्रांसफार्मर जल जाने के कारण बस्ताकोला क्षेत्र के 20 हजार की आबादी बिजली समस्या से जूझ रही है। ग्रामीणों का आरोप है कि 15 दिनों से 500 केवी का ट्रांसफार्मर जला हुआ है, लेकिन प्रबंधन इस ओर ध्यान नहीं दे रही है। ग्रामीण एरिया इंजीनियर निर्मल दास को तबादला करने की मांग कर रहे हैं। ग्रामीणों ने चेतावनी दी है कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गईं तो वे कोयला परियोजना और डिस्पैच को ठप कर देंगे।
