ट्रैफिक एसपी ने बताया कि दुर्गा पूजा के दौरान पूरे शहर में 1000 से ज्यादा ड्रॉप गेट तैयार किए जा रहे हैं। पंडालों तक पहुंचाने के लिए रास्ता सुगम रहे, इसके लिए नो एंट्री गेट भी बनाए जा रहे हैं। जहां पर ट्रैफिक के अलावा जिला बल के जवान भी तैनात रहेंगे। रूट में पार्किंग बनाया जा रहा है ताकि विषम परिस्थिति में वाहनों को या फिर इमरजेंसी में मेडिकल वाहनों को भी भीड़ से निकाला जा सके। शहर में पंडाल के आसपास कई पार्किंग स्थल भी चयनित किया गया है, वहां भी वाहनों की सुरक्षा के लिए जवानों की तैनाती की जा रही है।
ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले 253 वाहन चालकों पर हुई कार्रवाई
शहर में ट्रैफिक नियमों का पालन सुनिश्चित कराने के लिए रांची पुलिस एक विशेष अभियान चला रही है। ट्रैफिक एसपी राकेश सिंह ने बताया कि सभी यातायात थाना प्रभारियों और चौक-चौराहों पर तैनात पुलिसकर्मियों को सख्ती से वाहन चेकिंग अभियान चलाने का निर्देश दिया गया।
इस अभियान के दौरान ट्रैफिक नियमों का उल्लंघन करने वाले कुल 253 वाहन चालकों पर कार्रवाई की गई। जिनमें तेज आवाज वाले प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल करने वाले सात वाहन चालकों पर जुर्माना लगाया गया। साथ ही अपनी गाड़ियों में काले शीशे लगाकर घूमने वाले 34 वाहनों पर कार्रवाई की गयी है। इसके अलावा नो-पार्किंग जोन में खड़े मिले 189 वाहनों पर कार्रवाई की गई, जो शहर की सड़कों पर जाम का एक बड़ा कारण बनते हैं। गलत दिशा से वाहन चलाने वाले 13 लोगों को पकड़ा गया, जिससे अक्सर गंभीर दुर्घटनाएं होती हैं।
बिना साइलेंसर वाले और अवैध रूप से नेम बोर्ड लगाकर चलने वाले दो वाहनों पर भी कार्रवाई हुई। मोटरबाइक पर तीन सवारी बैठाकर चलने वाले तीन वाहन चालकों को भी रोका गया और उन पर जुर्माना लगाया गया। इसके अलावा अवैध स्टीकर लगाकर वाहनों का इस्तेमाल करने वाले तीन चालकों पर भी कार्रवाई की गई।
