पाइप चोरी मामले में नकली ठेकेदार सहित आठ आरोपित गिरफ्तार

Spread the love

सोमवार को प्रेसवार्ता में डीएसपी रतीभान सिंह ने बताया कि बगड़ो पंचायत में बहु ग्रामीण जलापूर्ति योजना के कार्यान्वयन के लिए रखे गये 500

एमएम डायमीटर के पाईपो को हाईड्रा वाहन से ट्रकों में लोडकर चोरी के नियत से ले जाने के मामले में अभिजीत कुमार कनीय अभियंता, पेयजल एवं स्वच्छता प्रशाखा, डोमचांच के लिखित आवेदन पर डोमचांच थाना में कांड संख्या- 71/25 दर्ज किया गया था।

उक्त कांड की गंभीरता को देखते हुए अनुमण्डल पुलिस पदाधिकारी अनिल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक विशेष टीम का गठन किया गया। बताया गया कि डोमचांच प्रखंड के बगड़ो में जलापूर्ति योजना का काम कर रही कंपनी ब्लैकलिस्टेड हो गई थी। वहां बड़ी मात्रा में 500 एमएम के पाइप स्टॉक किए गए थे। राहुल कुमार नाम का व्यक्ति खुद को ठेकेदार बताकर मजदूरों और ट्रांसपोर्टर की मदद से हाइड्रा मशीन से पाइप ट्रक में लोड कर रहा था। पेयजल एवं स्वच्छता विभाग के जेई को इसकी सूचना मिली। उन्होंने पुलिस को जानकारी दी। मुख्यालय डीएसपी रतीभान सिंह ने बताया कि इस मामले में और भी लोग शामिल हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए प्रयास जारी है। चोरी किए गए अन्य पाइप की बरामदगी के लिए छापेमारी की जा रही है। गिरफ्तार आरोपियों में इचाक के मकसूद अंसारी और मो अफताब अंसारी शामिल हैं। कोडरमा के नागेश्वर भुईयां, कारू भुईयां, आरा भुईया और शिव कुमार को भी पकड़ा गया है। गिरिडीह के एताउल अंसारी और बरही के निसार अंसारी भी गिरफ्तार किए गए हैं।