नूंह जिले में थाना बिछोर क्षेत्र के गांव बीसरु से पुलिस ने 900 किलो प्रतिबंधित विस्फोटक सामग्री बरामद की है। यहां BPL कॉलोनी के पास खेतों में बने टीनशेड यह विस्फोटक मिला है। रेड करने पहुंची पुलिस टीम को देखकर मौके पर मौजूद तीन युवक फरार हो गए। इतनी भारी मात्रा में विस्फोटक सामग्री किसी बड़ी साजिश की ओर इशारा करती है, जिसकी गहन जांच की जा रही है। पुलिस को सूचना मिली थी कि गांव बीसरु निवासी 3 भाई ईसा, इस्राइल और जुल्ली अपने खेतों में अवैध रूप से बारूद के पटाखे बनाकर बेच रहे हैं और उन्होंने पीएचसी के सामने स्थित बीपीएल कॉलोनी में एक टीन शेड में विस्फोटक सामग्री छिपा रखी है। पुलिस देखकर भाग गए आरोपी
सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस ने तुरंत रेड टीम गठित की। मौके पर पहुंचते ही पुलिस की सरकारी गाड़ी देखकर 3 संदिग्ध लोग खेतों की ओर भाग निकले, जो सरसों और गेहूं की फसल का फायदा उठाकर फरार हो गए। 18 प्लास्टिक कट्टों में 900 किग्रा विस्फोटक
पुलिस ने जब टीन शेड की तलाशी ली तो अंदर से 18 प्लास्टिक कट्टे बरामद हुए, जिनमें हल्के पीले रंग की विस्फोटक सामग्री भरी हुई थी। प्रत्येक कट्टे का वजन करीब 50 किलो पाया गया। कुल मिलाकर मौके से 900 किलो विस्फोटक सामग्री बरामद की गई। सैंपल जांच के लिए भेजा
पुलिस अधिकारियों के मुताबिक यह पटाखों में प्रयोग होने वाला बारूद प्रतीत हो रहा है। एक कट्टे से एक किलो विस्फोटक सामग्री का नमूना लेकर उसे सील किया और जांच के लिए लैब में भेज दिया। शेष सामग्री को जब्त कर लिया गया है। जांच के बाद ही पता चल सकेगा कि इसमें कौन से केमिकल है। विस्फोटक अधिनियम के तहत केस दर्ज पुलिस के मुताबिक इस मामले में आरोपियों के खिलाफ विस्फोटक अधिनियम के तहत थाना बिछोर में मुकदमा दर्ज किया गया है। पुलिस ने सीन ऑफ क्राइम टीम को भी मौके पर बुलाया है और फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है।
नूंह में 900 किलो विस्फोटक मिला:अवैध पटाखे बनाए जा रहे थे, पुलिस को देख आरोपी तीन भाई फरार
