प्रयागराज में युवक की गोली मारकर हत्या:पिस्टल से कनपटी पर मारी गोली, दोस्तों से विवाद के बाद हुई फायरिंग

Spread the love

प्रयागराज में एक युवक की गोली मारकर हत्या कर दी गई। युवक अपने दोस्तों के साथ राजापुर कछार इलाके में बैठा हुआ था। तभी किसी बात को लेकर विवाद हो गया है। विवाद में गोली चल गई, जो युवक के कनपटी पर लगी। तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। घटना कैंट थाना क्षेत्र स्थित राजापुर कछार की है। अब पढ़िए पूरा मामला
राजापुर कछार का रहने वाला आकाश सोनी उर्फ गोलू (26) यह ऑटो चलाता है। इसका भाई एजी ऑफिस के पास सब्जी और नारियल का ठेला लगाता है। दो भाई और एक बहन हैं। मूल रूप से फूलपुर के रहने वाले हैं और राजापुर में ओम नगर मोहल्ले में किराए के कमरे में रहते थे। आज रात 9 बजे राजापुर कछार में अपने दोस्तों के साथ बैठा था। इसी दौरान किसी बात को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद गोलीबारी हो गई। एक गोली आकाश की कनपटी में लगी, जिससे वह मौके पर ही गिर पड़ा। गोली की आवाज से मची अफरातफरी
गोली चलने की आवाज सुनकर कुछ दूरी पर बैठे लोगों ने घटना की सूचना पुलिस को दी। सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने घटनास्थल से एक पिस्टल और एक खोखा बरामद किया है। अस्पताल में किया गया मृत घोषित
आकाश को तत्काल अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। विवाद के बाद हत्या की आशंका
फिलहाल हत्या के पीछे की वजह स्पष्ट नहीं हो सकी है। पुलिस का कहना है कि प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि आकाश अपने जिन लोगों के साथ बैठा था, उन्हीं से किसी बात को लेकर उसका विवाद हुआ था और उसी दौरान वारदात को अंजाम दिया गया। घटना के बाद राजापुर कछार इलाके में दहशत फैल गई है। पुलिस आसपास के इलाकों में लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच कर रही है और जल्द ही पूरे मामले के खुलासे का दावा कर रही है। डीसीपी सिटी मनीष कुमार शांडिल्य ने बताया कि परिजनों से पूछताछ की जा रही है और घटना के समय मौके पर मौजूद लोगों की पहचान की जा रही है। तहरीर मिलने के बाद मुकदमा दर्ज कर आगे की विधिक कार्रवाई की जाएगी।