करनाल जिले में कैथल रोड पर एक तेज रफ्तार इको वैन ने स्कूटी को टक्कर मार दी। हादसे में स्कूटी सवार दो युवक सड़क पर गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गए। आसपास के लोगों ने घायलों को अस्पताल पहुंचाया, जहां एक युवक को डॉक्टरों ने मृत घोषित कर दिया, जबकि दूसरे का इलाज जारी है। टक्कर मारने के बाद इको वैन ड्राइवर मौके से फरार हो गया। पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। ज्योति नगर कट के पास हादसा हादसा वीरवार की दोपहर कैथल रोड पर ज्योति नगर कट के पास शिव कॉलोनी गली नंबर-9 के सामने हुआ। स्कूटी ज्योति नगर की तरफ कट से मुड़ रही थी, इसी दौरान WJC नहर की तरफ से आ रही एक इको वैन ने तेज रफ्तार और लापरवाही से स्कूटी को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि स्कूटी सवार दोनों युवक सड़क पर गिर पड़े और उन्हें गंभीर चोटें आई। कोठियों में पेंट का काम करता था राजीव कॉलोनी के किराएदार प्रमोद कुमार ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह कोठियों में रंग-रोगन का काम करता है। हादसे के समय वह ज्योति नगर कैथल रोड से वापस आ रहा था। जैसे ही वह शिव कॉलोनी गली नंबर 09 के सामने पहुंचा, उसने इको वैन और स्कूटी की टक्कर होते देखी। घायल युवकों के पास जाकर देखा, तो उनकी पहचान अपने परिचित ब्रजेश कुशवाहा पुत्र रामवरन कुशवाहा निवासी निरंजनापुर, तैयापुर, औरैया उत्तर प्रदेश हाल किरायेदार गप्पू वाला बाग के सामने शिवाजी कॉलोनी, हांसी रोड करनाल और विमल कुमार पुत्र रामपाल निवासी गांव दैहलिया, थाना रसूलाबाद, जिला कानपुर उत्तर प्रदेश हाल किराएदार शिवाजी कॉलोनी, गप्पू वाला बाग हांसी रोड करनाल के रूप में हुई। सिर और चेहरे पर लगी चोट प्रमोद कुमार के अनुसार ब्रजेश कुशवाहा के सिर और मुंह पर गंभीर चोटें थीं, जबकि विमल कुमार की दाहिनी आंख के ऊपर और मुंह पर गहरी चोटें आई थी, दोनों युवक बेहोश हो चुके थे। स्थानीय लोगों की मदद से प्रमोद कुमार ने दोनों घायलों को निजी वाहन से KCGMC करनाल पहुंचाया। अस्पताल में एक की मौत, दूसरा भर्ती KCGMC करनाल में डॉक्टरों ने जांच के बाद ब्रजेश कुशवाहा को मृत घोषित कर दिया। विमल कुमार को इलाज के लिए अस्पताल में दाखिल किया गया है। डॉक्टरों ने विमल कुमार को बयान देने के लिए असमर्थ बताया। मृतक ब्रजेश कुशवाहा का मेडिकल रिकॉर्ड ‘ब्रॉट डेड’ प्राप्त हुआ। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस टक्कर के बाद इको वैन ड्राइवर मौके पर रुका, लेकिन भीड़ इकट्ठी होते देख फरार हो गया। सूचना मिलने पर थाना रामनगर से एएसआई विक्रम सिंह अपनी टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया और आज पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
करनाल में स्कूटी सवार युवक की मौत:वैन ने मारी टक्कर, साथी गंभीर रूप से घायल; वाहन छोड़ ड्राइवर फरार
