हरियाणा के नूंह जिले के आंकेड़ा थाना क्षेत्र अंतर्गत गांव मेवली के बस स्टैंड पर राजस्थान के अलवर जिले के गांव ढाला बासी की ढाणी बहादुरपुर के एक युवक को लाठियों से 30 फीट का मौत के घाट उतारने का मामला सामने आया है। आरोपियों ने वारदात को उस समय अंजाम दिया, जब वह अपने मामा के घर आया हुआ था। हत्या की वजह करीब 15 दिन पहले मृतक युवक के गांव में हुई मामूली कहासुनी बताई जा रही है। पुलिस ने मृतक युवक के मामा की शिकायत के आधार पर 5 लोगों के खिलाफ केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। हालांकि मृतक के परिवार के लोगों का आरोप है कि पुलिस ने एक आरोपी तौफीक निवासी मेवली को बुधवार को हिरासत में ले लिया था, लेकिन बाद में रात को उसे छोड़ दिया गया। मवेशी चराने को लेकर झगड़ा पुलिस को दी शिकायत में जावेद पुत्र अख्तर निवासी मेवली ने बताया कि करीब 15 दिन पहले तौफीक का लड़का मवेशी चराने के लिए गांव के पहाड़ पर गया था। उसी दौरान उसने पास लगते राजस्थान के गांव ढाला बासी की ढाणी बहादुरपुर में मवेशियों को उतार दिया। पहाड़ के नजदीक उनके भांजे अजरू खान(27) के खेत है। जहां मवेशी अजरू के खेत में घुसकर फसल खराब करने लगे। अजरू ने तौफीक के लड़के से पशुओं को निकालने की बात कही, लेकिन वह नहीं माना और वहीं पर दोनों में कहासुनी हो गई। शिकायतकर्ता ने बताया कि वहां दोनों में कुछ मारपीट भी हुई थी, लेकिन मामला सुलझ गया था। लाठियों से पीटकर किया लहूलुहान जावेद ने बताया कि 6 जनवरी को दोपहर करीब 3 बजे उनका भांजा अजरू गांव में किसी जरूरी काम से आया था। अजरू के आने की सूचना गांव के तौफीक को लगी, तो उसने गांव के बस स्टैंड पर रॉबिन, असलम, उमर और जमील को बुला लिया। सभी आपने हाथों में लाठी डंडा और फरसा लेकर आए और बाइक पर सवार अजरू को रोककर बुरी तरह से पीटा। लाठियों से अजरू को सभी ने पीट पीटकर गंभीर रूप से घायल कर दिया। जिसमें वह लहूलुहान हो गया। शोर सुनकर जब ग्रामीण पहुंचे, तो आरोपी वहां से भाग गए। मुख्य आरोपी को छोड़ने का आरोप जावेद ने बताया कि उनका भांजा सड़क पर तड़प रहा था,जिसे आनन फानन में नल्हड़ मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया। जहां अजरू की गंभीर हालत को देखते हुए उसे राजस्थान के सवाई मानसिंह अस्पताल जयपुर रेफर कर दिया। जहां इलाज के दौरान अजरू ने दम तोड़ दिया। बुधवार को पुलिस ने मृतक के शव का पोस्टमॉर्टम करवा कर परिजनों को सौंप दिया और पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मुकदमा दर्ज कर लिया। शिकायतकर्ता जावेद ने बताया कि पुलिस ने मुख्य आरोपी तौफीक को बुधवार को हिरासत में लेकर आंकेड़ा थाना में बैठा लिया था, जो शाम 7 बजे तक थाने में रहा, लेकिन बाद में पुलिस ने आरोपी को छोड़ दिया। परिवार के लोगों ने पुलिस पर लेनदेन की एवज में आरोपी को छोड़ने के गंभीर आरोप लगाए हैं। पांच लोगों के खिलाफ केस दर्ज आंकेड़ा थाना प्रभारी श्याम वीर ने बताया कि शिकायत के आधार पर पुलिस ने पांच लोगों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस शामिल तफ्तीश के लिए तौफीक को लेकर आई थी। बाद में उसे छोड़ दिया गया। मामले की जांच जारी है। जल्द ही आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया जाएगा।
नूंह में लाठियों से पीट-पीटकर युवक की हत्या:राजस्थान में मामूली कहासुनी, पुलिस ने एक हमलावर पकड़ रात में छोड़ा
