करनाल में छात्रा से कुरुक्षेत्र के युवक ने किया दुष्कर्म:कार में नशीला पदार्थ पिलाया, होटल में बनाया बंधक; मेडिकल कॉलेज में पढ़ती है

Spread the love

करनाल शहर में बीएससी ऑप्टोमेट्री की 19 वर्षीय छात्रा से नशीला पदार्थ पिलाकर दुष्कर्म करने का मामला सामने आया है। आरोप है कि कुरुक्षेत्र का एक युवक बहाने से छात्रा को कार में बैठाकर ले गया, कोल्ड ड्रिंक में नशा मिलाकर पिला दिया और देर रात होटल में ले जाकर जबरदस्ती की। होश आने पर धमकी देकर छोड़ दिया गया। पुलिस ने कुरुक्षेत्र के आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी गई है। करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में बीएससी ऑप्टोमेट्री की पढ़ाई कर रही छात्रा ने सिटी थाना पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 23 फरवरी की शाम करीब 4:30 बजे कुरुक्षेत्र निवासी युवक प्रिंस उसे किसी बहाने से अपने साथ ले गया। आरोप है कि कार में बैठाकर उसने कोल्ड ड्रिंक में नशीला पदार्थ मिलाकर पिला दिया, जिससे वह बेहोश सी हो गई। ब्लू मून होटल में किया दुष्कर्म शिकायत के अनुसार, उसी रात करीब 11:30 बजे आरोपी युवक छात्रा को नमस्ते चौक स्थित सैनी कॉलोनी के पास ब्लू मून होटल ले गया। होटल के कमरे में उसकी इच्छा के विरुद्ध दुष्कर्म किया गया। नशे और सदमे के कारण छात्रा बेहोश हो गई। होश आने पर दी धमकी, फिर की शिकायत 24 फरवरी को होश आने पर छात्रा ने अपने पीजी लौटने की बात कही। आरोप है कि आरोपी ने घटना किसी को बताने पर जान से मारने की धमकी दी। इसके बाद पीड़िता ने 24 फरवरी की शाम को सिटी थाना करनाल पहुंचकर लिखित शिकायत दी। पुलिस ने दर्ज किया मामला, जांच जारी करनाल सिटी थाना पुलिस ने शिकायत के आधार पर आरोपी प्रिंस के खिलाफ दुष्कर्म, नशीला पदार्थ पिलाने और धमकी देने के आरोप में मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि मामले की जांच शुरू कर दी गई है और तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी। आरोपी की तलाश के लिए टीम गठित की गई है।