हरियाणा के कुरुक्षेत्र में स्कूटी पर जा रहे 2 दोस्त प्राइवेट बस के पीछे टकरा गए। इसमें स्कूटी चला रहे युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। बस ड्राइवर ने अचानक ही ब्रेक लगा दिए, जिससे स्कूटी उसके पीछे भिड़ गई। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्चरी में रखवा दिया। मृतक की पहचान रमन (22) निवासी परशुराम कॉलोनी के रूप में हुई। रमन सुभाष मंडी में पल्लेदारी का काम करता था। रमन उसका दोस्त आनंद उर्फ नंदू निवासी पटेल नगर खाना खाकर अपने काम पर लौट रहे थे। रमन का जीजा भी उसके पीछे ही बाइक पर जा रहा था। मालिक की स्कूटी लेकर आए विशाल निवासी झिरबड़ी ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि वह उमरी रोड पर कबाड़ी दुकान पर हेल्पर का काम करता है। उसका साला रमन और उसका दोस्त आनंद अपनी दुकान मालिक की स्कूटी पर झांसा रोड पर खाना खाने आए थे। वो भी उनके पीछे अपनी बाइक पर खाना खाने पहुंचा था। बस स्टैंड के पास हुआ हादसा लौटते हुए रमन स्कूटी चला रहा था और आनंद पीछे बैठा था। वह अपनी बाइक पर उनके पीछे था। वे सब सुभाष मंडी की तरफ जा रहे थे। पुराने बस स्टैंड के पास पहुंचते ही प्राइवेट बस (HR65A6629) का ड्राइवर तेज स्पीड से आया। उसने बिना इंडिकेटर दिए अचानक बस को गलत साइड में मोड़ दिया। इस वजह से स्कूटी सीधे बस के पीछे से टकरा गई। दोनों को काफी चोट लगी टक्कर इतनी जोरदार थी कि रमन और आनंद स्कूटी समेत सड़क पर गिर पड़े। दोनों को काफी चोटें आईं। उसने बाइक रोककर उनको संभाला। इसी दौरान किसी राहगीर ने एम्बुलेंस बुलाई और उसने लोगों की मदद से उन दोनों को LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने रमन को मृत घोषित कर दिया। आनंद का चल रहा इलाज आनंद का अस्पताल में इलाज चल रहा है। हादसा के बाद आरोपी ड्राइवर बस से नीचे उतरकर आया और उसके बाद बस लेकर फरार हो गया। पुलिस ने बस नंबर के आधार पर केस दर्ज कर लिया। पुलिस आज रमन के शव का पोस्टमॉर्टम करवाएगी।
कुरुक्षेत्र एक्सीडेंट में युवक की मौत:दोस्त घायल, प्राइवेट बस के पीछे टकराई स्कूटी, खाना खाकर लौट रहे थे काम पर
