फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र की नवीन नगर चौकी इलाके में एक 30 वर्षीय युवक ने अपने किराये के मकान में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। घटना के बाद इलाके में सनसनी फैल गई। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल भिजवा दिया। मृतक की पहचान आलम के रूप में हुई है, जो मूल रूप से बिहार के पूर्णिया जिले का रहने वाला था। वह फरीदाबाद के पल्ला इलाके स्थित शिव एंक्लेव में किराये के मकान में रह रहा था और मजदूरी का काम करता था। बताया जा रहा है कि देर रात आलम ने अपने कमरे में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। आत्महत्या से पहले फेसबुक पर पोस्ट किया वीडियो जानकारी के अनुसार, आत्महत्या करने से पहले आलम ने एक वीडियो बनाकर अपने फेसबुक अकाउंट पर पोस्ट किया था। इस वीडियो में उसने अपनी मौत के लिए अपने दो भाइयों शाहरू और आरिफ, तथा उनकी पत्नियों रिफत और नोजी को जिम्मेदार ठहराया है। परिवार पर उत्पीड़न और जमीन विवाद के लगाए आरोप वीडियो और पोस्ट में आलम ने आरोप लगाया कि उसके भाई और उनकी पत्नियां उसे और उसके परिवार को लंबे समय से परेशान कर रहे थे। उसने कहा कि जब वह दूसरे प्रदेश में काम करने जाता है, तो उसके पीछे उसकी पत्नी और बच्चों को प्रताड़ित किया जाता है। जमीन को लेकर भी विवाद चल रहा था और उसे घर से निकालने तथा मारपीट की धमकियां दी जाती थीं। मां को पैसे भेजने के बावजूद नहीं मिला सम्मान आलम ने अपनी पोस्ट में लिखा कि वह हर महीने अपनी मां को पैसे भेजता है, लेकिन इसके बावजूद उसके साथ अच्छा व्यवहार नहीं किया जाता। उसने मीरगंज थाना, जिला पूर्णिया से अपील करते हुए कहा कि उसकी पत्नी और बच्चों को इंसाफ दिलाया जाए और उन्हें भी जमीन पर रहने का अधिकार मिले। पुलिस ने मौके पर पहुंचकर की जांच घटना की सूचना मिलने के बाद नवीन नगर चौकी इंचार्ज संदीप कुमार पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस के अनुसार, कमरे का दरवाजा अंदर से बंद था, जिसे किसी तरह खोला गया। इसके बाद फॉरेंसिक टीम को मौके पर बुलाकर जांच कराई गई। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद होगी आगे की कार्रवाई जांच पूरी होने के बाद शव को एंबुलेंस के माध्यम से पोस्टमार्टम के लिए फरीदाबाद के सिविल अस्पताल में भिजवा दिया गया। पुलिस ने मृतक के परिजनों को भी घटना की सूचना दे दी है। अधिकारियों के अनुसार, युवक द्वारा सोशल मीडिया पर पोस्ट किए गए वीडियो और लिखे गए संदेश की जांच की जा रही है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट और जांच के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद में युवक ने किया सुसाइड:फेसबुक पर वीडियो डालकर लगाया फंदा; भाइयों और भाभियों पर प्रताड़ना का आरोप
