झज्जर जिले के रेढूवास गांव में पुरानी रंजिश को लेकर कुछ लोगों ने पहले मारपीट की और उसके बाद फायरिंग की, जिसमें युवक बाल-बाल बच गया। पुलिस ने इस मामले में 16 लोगों के खिलाफ मामला दर्ज किया है। पुलिस शिकायत के आधार पर कार्रवाई कर रही है। झज्जर जिले के बहादुरगढ़ के लाइन पार स्थित शास्त्री नगर निवासी हर्ष कुमार गौतम ने पुलिस में शिकायत दी है। पुलिस को दी शिकायत में उसने बताया कि वह माडलिंग का काम करता है। वह अपनी नानी भानवती देवी को 25 दिसंबर 2025 को अपनी मौसी पदमा निवासी रेढूवास के घर छोड़कर आया था। बीते दिन नानी को लेने गया था हर्ष उसने बताया कि 10 जनवरी को अपनी नानी को वापस लाने के लिए साथियों के साथ दोस्त की क्रेटा वरना गाड़ी लेकर दोपहर दो बजे गया था। जब वह गांव पहुंचा तो मौसी के घर से पहले ही गली में मनीष व जितेश, सतवीर उर्फ सते, दिलबाग, दिपांशु, हिमांशु, निखिल, नसीब, सुनील, सोनू, मनजीत, गौरव, नवीन, कुंदनलाल निवासी रेढुवास उनकी गाड़ियों के आगे खड़े हो गए और रास्ता रोक लिया। जान से मारने की नीयत से चलाई गोली उसने पुलिस को बताया कि वह क्रेटा गाड़ी से नीचे उतरा तो मनीष ने आवाज लगाई कि इसको गोली मारो, ये कपिल की मौसी का लड़का है। इतना कहते ही जान से मारने की नियत से मान सिंह की छत से गोली चलने की आवाज आई। इस पर वह नीचे बैठ गया, जो गोली उसके सिर के ऊपर से चली गई और वह बाल बाल बचा। वह अपने बचाव में भागने लगा तो इन सभी ने अपने हाथों में लिए हुए लाठी-डंडों, सरियों व जेली से उसे चोटें मारी और उनकी गाड़ी तोड़ दी। जमीन को लेकर चल रहा था विवाद आरोप लगाया कि नसीब ने उसके पेट पर पिस्टल लगा दी और कहा कि कपिल के परिवार को जान से मार देंगे। उन लोगों ने किसी तरह से भाग कर अपनी जान बचाई। उसे इलाज के लिए सरकारी अस्पताल झज्जर में भर्ती करवाया गया, जहां पर उसे इलाज के लिए पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया। हर्ष ने बताया कि सतबीर (सत्ते), मानसिंह, दिलबाग, कुंदनलाल व अन्य लोगों ने उसकी मौसी के लड़के कपिल की खेत की जमीन पर कब्जा कर रखा है। 16 लोगों के खिलाफ FIR दर्ज उसकी मौसी के लड़के कपिल ने इनको अपनी जमीन से कब्जा छोडने के लिए कह रखा था और पंचायत की थी। जमीन के कब्जे को कायम रखने के लिए आरोपियों ने उसे जाने से मारने की कोशिश की। पुलिस ने इस मामले में विभिन्न धाराओं के तहत एफआईआर दर्ज कर ली है। साल्हावास थाना प्रभारी महेश कुमार ने बताया कि रेढूवास गांव में मारपीट व गोली चलने की सूचना मिली थी। शिकायत के आधार पर 16 लोगों के खिलाफ एफआईआर दर्ज कर ली गई है।
झज्जर में जमीनी विवाद में युवक पर फायर:नानी को लेने गया था; गोली लगने से बाल बाल बचा, 16 व्यक्तियों पर FIR
