सिरसा में एक युवक की पीट-पीटकर हत्या कर दी गई। सूचना पर पुलिस मौके पर पहुंची और इसका एक वीडियो भी तेजी से वायरल हो रहा है। वीडियो में युवक खून से लथपथ दिख रहा है और पांव तोड़े हुए हैं। सिर पर भी गहरी चोटें लगी, जिस कारण युवक अंतिम सांसों तक हमलवारों के बारे में बताने की कोशिश कर रहा था। यह वीडियो झगड़े के बाद का है। जब लोगों ने उसे घायल अवस्था में देखा तो उसका नाम-पता पूछकर परिजनों को सूचना दी। दरअसल, दो पक्षों के बीच आपस में विवाद हो गया था, जिसमें तेजधार हथियारों से युवक पर हमला कर दिया गया। रास्ते में युवक की मौत सिरसा से अग्रोहा ले जाते समय उसकी मौत हो गई। झगड़े में दूसरे पक्ष के लोगों को भी चोटें आई हैं, जिनका अलग-अलग अस्पतालों में इलाज चल रहा है। मृतक पहले नाई का काम करता था और इन दिनों खेतीबाड़ी संभालता था। जानकारी के अनुसार, यह घटना जिले के गांव सालम खेड़ा में रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे हुई। मृतक की पहचान 30 वर्षीय गुरमेल सिंह देसू जोधा गांव निवासी के रूप में हुई है। हमलावर युवक और मृतक पर पहले से क्रिमिनल केस चल रहे थे। पुलिस के अनुसार, मृतक गुरमेल पर आर्म्स एक्ट व लड़ाई-झगड़े के दो केस दर्ज थे। सिलसिलेवार जानिए पूरा मामला- सालमखेड़ा में दो पक्षों के बीच छोटी-छोटी बातों को लेकर अक्सर तकरार होती रहती थी। इसी के चलते एक पक्ष के लोग दूसरे पक्ष को ‘सबक सिखाने’ के इरादे से रात को देसू जोधा गांव से अपने साथियों के साथ सालम खेड़ा पहुंचे। रात को दोनों पक्षों में जमकर मारपीट हुई और गाड़ियों के शीशे तोड़ दिए गए। दूसरे पक्षों से करीब 12 लोग शामिल थे। इसलिए उन्होंने मौका पाकर गुरमेल को घेरा और डंडों व हथियारों के बल पर उस पर हमला करना शुरू कर दिया। गुरमेल के पांव पर काफी चोटें मारी गई, जिससे ब्लीडिंग ज्यादा हो गई और एक तरह से दोनों पांव तोड़ दिए गए। सिर पर भी चोटें थी, जिस कारण गुरमेल की मौत हो गई। झगड़े के बाद सूचना पाकर लोग मौके पर पहुंचे और उसे सिविल अस्पताल में पहुंचाया। इसके बाद परिजन उसे डॉक्टरों द्वारा रेफर किए जाने पर अग्रोहा मेडिकल कॉलेज ले गए। थाना प्रभारी बोले- हमलावर युवकों पर पहले से केस दर्ज ओढा पुलिस थाना प्रभारी आनंद बैनिवाल ने बताया, यह झगड़ा रविवार रात करीब साढ़े 9 बजे हुआ था। रात करीब एक बजे अग्रोहा ले जाते समय युवक की मौत हो गई। आरोपी युवकों के खिलाफ पहले से कुछ क्रिमिनल केस दर्ज है, जिनकी जानकारी जुटाई जा रही है। जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। इस मामले में पुलिस ने मृतक के भाई के बयान पर छह नामजद सहित अन्य के खिलाफ हत्या की विभिन्न धाराओं के तहत केस दर्ज किया है। आज सोमवार को शव का अग्रोहा में पोस्टमार्टम करवाया गया है। मृतक के भाई के बयान दर्ज, छापेमारी जारी ओढ़ा थाना से ब्रह्मपाल ने बताया कि मृतक गुरमेल सिंह के भाई हरमेल सिंह के बयानों के आधार पर छह नामजद और अन्य अज्ञात लोगों के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 103 के तहत मामला दर्ज किया गया है। पुलिस फिलहाल झगड़े के कारणों का पता लगाने और संदिग्धों को पकड़ने के लिए दोनों गांवों से जानकारी जुटा रही है। पुलिस अन्य आरोपियों को पकड़ने के लिए विभिन्न स्थानों पर छापेमारी कर रही है।
सिरसा में युवक की पीट-पीटकर हत्या, VIDEO वायरल:दो पक्षों में हुई लड़ाई, एक-दूसरे को सबक सिखाना चाहते थे
