हांसी में खिड़की से गिरे युवक-युवती, लड़की की मौत:शराब पार्टी के दौरान धक्का-मुक्की का शक; कलानौर से आई थी, लड़का घायल

Spread the love

हांसी शहर के काली देवी मंदिर मार्ग पर ब्रह्मकुमारी आश्रम के समीप शनिवार देर रात एक बड़ी घटना सामने आई। एक कार्यालय की ऊपरी मंजिल पर चल रही शराब पार्टी के दौरान हुए विवाद के बाद एक युवक और युवती खिड़की से नीचे गिर गए। इस हादसे में 21 वर्षीय युवती की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि युवक गंभीर रूप से घायल है। पूरी वारदात पास में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरे में कैद हो गई है। युवती की पहचान कलानौर क्षेत्र के एक गांव निवासी करीब 21 वर्षीय रजनी के रूप में हुई है। वहीं, घायल युवक की पहचान हांसी के आसपास के रहने वाले लगभग 26 वर्षीय विकास के रूप में बताई जा रही है। मिली जानकारी के अनुसार, कार्यालय के ऊपरी कमरे में तीन-चार युवक और एक युवती शराब पार्टी कर रहे थे। पुलिस की प्रारंभिक जांच में सामने आया है कि नशे की हालत में उनके बीच किसी बात को लेकर तीखी कहासुनी और धक्का-मुक्की शुरू हो गई। इसी खींचतान के दौरान युवती और एक युवक संतुलन खो बैठे और खिड़की से सीधे नीचे जा गिरे। घटना की सूचना मिलते ही डीएसपी विनोद शंकर और शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। घायल युवक को तत्काल अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसकी हालत गंभीर बनी हुई है। फोरेंसिक टीम ने मौके पर पहुंचकर आवश्यक साक्ष्य एकत्र किए और घटनास्थल की गहनता से जांच की। पुलिस ने कमरे में मौजूद अन्य युवकों से पूछताछ शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में यह मामला आपसी कहासुनी से जुड़ा प्रतीत हो रहा है, हालांकि पुलिस घटना के सभी पहलुओं—हादसा, आत्महत्या या किसी साजिश—की जांच कर रही है। कार में आए थे युवक-युवतियां यह पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में भी रिकॉर्ड हो गई है। फुटेज में देखा जा सकता है कि युवक-युवती अपने अन्य साथियों के साथ कार में सवार होकर घटनास्थल पर पहुंचे थे। गिरने के बाद उन्हें एक वाहन में डालकर वहां से ले जाया गया। पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर घटनाक्रम की कड़ियां जोड़ने का प्रयास कर रही है। शहर थाना प्रभारी सुखजीत सिंह ने बताया कि घटना के संबंध में परिजनों को सूचित कर दिया गया है और मामले की गहनता से जांच जारी है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट और आगे की पूछताछ के बाद ही पूरे मामले का सच सामने आ पाएगा।