सोनीपत में युवक को बंधक बनाकर पीटा, VIDEO:ब्याज के पैसों की मॉडल टाउन ऑफिस ले जाकर वसूली; केस दर्ज

Spread the love

सोनीपत जिले में एक युवक के साथ मारपीट, जबरन गाड़ी में बैठाकर ले जाने और पैसों की वसूली का सनसनीखेज मामला सामने आया है। आरोप है कि पुराने जानकार ने अपने तीन साथियों के साथ मिलकर युवक को पहले सार्वजनिक स्थान पर पीटा, फिर उसकी ही गाड़ी में जबरन बैठाकर दूसरे स्थान पर ले गया। सोनीपत सिविल लाइन थाना पुलिस ने युवक की शिकायत पर नामजद आरोपियों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया है और पूरे घटनाक्रम की जांच शुरू कर दी गई है। वहीं मौके के वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे हैं। जिसमें युवक के साथ मारपीट करते नजर आ रहे हैं और जबरदस्ती गाड़ी में बैठाया जा रहा है। दादा को खाना खिलाने कच्चे क्वार्टर गया था सोनीपत के कोट मोहल्ला के रहने वाले चिराग चावला ने पुलिस को दी गई शिकायत में बताया कि 4 जनवरी 2026 की रात करीब 8:30 बजे वह अपनी कार में दादा रतन लाल चावला को खाना खिलाने कच्चे क्वार्टर क्षेत्र गया था। इसी दौरान उसके परिचित आकाश नागर ने ब्याज के पैसों को लेकर विवाद शुरू किया, जो देखते ही देखते मारपीट और जबरन ले जाने तक पहुंच गया। चिराग ने बताया कि वह कच्चे क्वार्टर स्थित पंजाबी चिकन कॉर्नर से खाना ले रहा था, तभी आकाश नागर अपने तीन दोस्तों के साथ वहां पहुंचा और उससे ब्याज के पैसे वापस देने की बात कहने लगा। आरोपियों ने मिलकर की मारपीट चिराग के अनुसार बात बढ़ने पर आकाश नागर और उसके साथ मौजूद दोस्तों ने मिलकर उसके साथ मारपीट की। इस दौरान उसका दादा भी मौके पर मौजूद था, जिससे स्थिति और तनावपूर्ण हो गई। आरोप है कि आकाश नागर ने चिराग की गाड़ी की चाबी छीन ली और उसके दादा को जबरन गाड़ी से बाहर उतार दिया। इसके बाद चिराग को उसकी ही गाड़ी में जबरदस्ती बैठा लिया गया। कोई नाचे-गाए के पैसे नहीं वीडियो में एक युवक चिराग को मार रहा है, तो दूसरा युवक उसका गला पकड़े हुए हैं। इस दौरान चिराग का दादा उसे बचाने की कोशिश से करता है और उसे भी कहा जा रहा है कि पीछे हट जाओ और गाली गलौज करते हुए कह रहा है कि पैसे ले रखे हैं, कोई नाचे-गाए के पैसे नहीं है। उसके बाद गाड़ी में बिठाकर उसे लेकर चले जाते हैं। यह वीडियो सोशल मीडिया पर जमकर वायरल हो रहा। पुलिस ने युवकों को पकड़ लिया वहीं आम आदमी पार्टी नेता विमल किशोर ने भी आरोप लगाते हुए कहा कि शाम के समय 4 से 5 युवक दूसरे युवक के साथ मारपीट कर रहे थे और इस दौरान उसे जबरदस्ती बैठाने की कोशिश कर रहे थे। उन्होंने दावा किया कि उन्होंने सिविल लाइन थाना पुलिस को फोन किया था और उसके तुरंत बाद ही सभी युवकों को पुलिस ने पकड़ लिया है। मॉडल टाउन ऑफिस तक ले जाने का आरोप चिराग ने बताया कि उसे और उसके दोस्त को उसकी ही गाड़ी में बैठाकर आरोपी मॉडल टाउन स्थित अपने ऑफिस ले गए, जहां उसे डराया-धमकाया गया। पीड़ित का आरोप है कि मॉडल टाउन स्थित ऑफिस में उसके साथ फिर से मारपीट की गई और पैसों को लेकर जबरन हामी भरवाई गई। इसके बाद उसे, उसके दोस्त और उसके दादा को छोड़ दिया। घर लौटकर दी थाने में शिकायत घटना के बाद चिराग अपने दादा और दोस्त के साथ घर पहुंचा और बाद में थाना सिविल लाइन सोनीपत जाकर पूरे मामले की लिखित शिकायत दी। उसने आरोपियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की मांग की। केस दर्ज कर जांच में जुटी पुलिस थाना सिविल लाइन पुलिस ने हस्ब आमदा दरखास्त पर धारा 115, 140(3), 351(3), 3(5) बीएनएस में मामला दर्ज किया। पुलिस के अनुसार CCTNS में धारा 115(2) उपलब्ध न होने के कारण केस धारा 115 बीएनएस में दर्ज किया गया। मामले की जानकारी SHO को दी गई। ASI प्रदीप ने सिपाही अजय के साथ शिकायतकर्ता को लेकर घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस का कहना है कि जांच के बाद आगे की कानूनी कार्रवाई अमल में लाई जाएगी।