सोनीपत में युवक की गला घोंटकर हत्या:हमलावरों ने NH-44 पर दिया वारदात को अंजाम; CCTV फुटेज खंगाल रही पुलिस

Spread the love

सोनीपत जिले से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर एक युवक की डेड बॉडी मिली है। युवक के गले पर निशान मिले हैं और आशंका है कि गला घोंटकर हत्या की गई है। राजीव गांधी एजुकेशन सिटी के पास हाईवे किनारे शव मिलने की सूचना के बाद पुलिस महकमे में हड़कंप मच गया। मौके पर सोनीपत पुलिस के साथ-साथ क्राइम ब्रांच की कई टीमें पहुंची और मामले की गंभीरता से जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर सिविल हॉस्पिटल भेज दिया है। हाईवे 44 पर शव मिलने से मचा हड़कंप सोनीपत से गुजरने वाले नेशनल हाईवे-44 पर उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब राहगीरों ने राजीव गांधी एजुकेशन सिटी के पास एक युवक का शव पड़ा देखा। मृतक की पहचान मध्यप्रदेश निवासी दिवाकर के रूप में हुई है। शुरुआती जांच में हत्या की आशंका जताई जा रही है। तुरंत इसकी सूचना पुलिस को दी गई, जिसके बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची और आसपास के एरिया में पूछताछ करने में जुटी है।
गला घोंटकर हत्या की आशंका पुलिस की प्रारंभिक जांच में युवक की गला घोंटकर हत्या किए जाने की आशंका जताई जा रही है। शव की हालत को देखते हुए यह मामला सुनियोजित हत्या का लग रहा है। हालांकि पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद ही मौत के सही कारणों की पुष्टि हो सकेगी। पुलिस के मुताबिक शव की पहचान डी. दिवाकर के रूप में की है, जो मध्यप्रदेश का रहने वाला बताया जा रहा है। पहचान होने के बाद पुलिस ने मृतक के परिजनों को सूचना दे दी है। परिजनों के सोनीपत पहुंचने का इंतजार किया जा रहा है।
मौके पर पहुंची सोनीपत पुलिस और क्राइम ब्रांच की टीमें घटना की गंभीरता को देखते हुए सोनीपत क्राइम ब्रांच की कई टीमें भी मौके पर पहुंचीं। पुलिस ने घटनास्थल से सबूत जुटाए और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालनी शुरू कर दी है, ताकि हमलावरों तक पहुंचा जा सके।
पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा शव पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सोनीपत के सिविल अस्पताल में भिजवा दिया है। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी। सोनीपत पुलिस का कहना है कि मामला हत्या का प्रतीत हो रहा है और हर एंगल से जांच की जा रही है। यह भी पता लगाया जा रहा है कि दिवाकर यहां कैसे पहुंचा, उसके साथ कौन-कौन लोग थे और हत्या के पीछे क्या वजह रही।