हरियाणा के हांसी में एक युवक चलती ट्रेन से गिरकर गंभीर रूप से घायल हो गया। वह मोबाइल पर बात करते समय संतुलन खो बैठा। प्राथमिक उपचार के बाद उसकी गंभीर हालत को देखते हुए उसे अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर किया गया है। यह घटना हांसी-रोहतक ट्रेन में हुई। घायल युवक की पहचान राजस्थान के नागौर जिले के छोटी खाटू निवासी 30 वर्षीय महेंद्र के रूप में हुई है। जानकारी के अनुसार, महेंद्र ट्रेन की खिड़की के पास खड़े होकर मोबाइल फोन पर बात कर रहा था, तभी अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह नीचे गिर गया। हादसे में महेंद्र के सिर, हाथ और पैरों में गंभीर चोटें आई हैं। मौके पर मौजूद लोगों की मदद से उसे एंबुलेंस द्वारा हांसी के सामान्य अस्पताल पहुंचाया गया। पास मिले कागजातों के आधार पर हुई पहचान हांसी के सामान्य अस्पताल में डॉक्टरों ने प्राथमिक उपचार किया। युवक की हालत नाजुक होने के कारण उसे तुरंत अग्रोहा मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया गया। बताया जा रहा है कि वह इतनी गंभीर स्थिति में है कि कुछ भी बताने में असमर्थ है। युवक के पास मिले कागजातों के आधार पर उसकी पहचान की गई है। उसके परिजनों को घटना की सूचना दी जा रही है। डॉक्टरों के अनुसार, महेंद्र को गहरी चोटें आई हैं और उसका इलाज जारी है।
हांसी में चलती ट्रेन से गिरा युवक, गंभीर घायल:मोबाइल पर बात करते समय बिगड़ा संतुलन, अग्रोहा रेफर; राजस्थान का रहने वाला
