हरियाणा के नूंह जिले में शुक्रवार देर शाम एक सड़क हादसे में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। यह घटना थाना पिनगवा क्षेत्र के सिकरावा भादस रोड पर हुई, जहां दो बाइकों की आमने-सामने की टक्कर हो गई। मृतक की पहचान 20 वर्षीय अहसान पुत्र अय्यूब निवासी देवला नंगली, थाना सदर नूंह के रूप में हुई है। अहसान पिनगवा में इलेक्ट्रिशियन का काम करता था। वह शुक्रवार देर शाम अपनी बिजली की दुकान बंद करके मोटरसाइकिल से अपने घर देवला लौट रहा था। जब अहसान गांव बाजिदपुर के पास पहुंचा, तो सामने से आ रही एक तेज रफ्तार बाइक ने उसकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। इस टक्कर से अहसान के माथे पर गंभीर चोट लगी, जिससे उसकी मौके पर ही मौत हो गई। हादसे में दो युवक भी हुए घायल दूसरी मोटरसाइकिल पर सवार दोनों युवक भी इस हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गए। उन्हें तुरंत उपचार के लिए शहीद हसन खान मेडिकल कॉलेज नलहड़ में भर्ती कराया गया है। डॉक्टरों के अनुसार, उनकी हालत गंभीर बनी हुई है। सूचना मिलते ही थाना पिनगवा पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। इस संबंध में मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है।
नूंह में दो बाइकों में टक्कर, युवक की मौत:दो गंभीर घायल, दुकान से अपने घर लौट रहा था इलेक्ट्रिशियन
