हरियाणा के नारनौल में एक सड़क हादसे में गुरुग्राम की प्राइवेट कंपनी में काम करने वाले एक कर्मचारी की मौत हो गई। मृतक बाइक पर सवार होकर कंपनी से अपने घर लौट रहा था। इस दौरान वह गांव लहरोदा के पास अज्ञात वाहन की चपेट में आ गया। पुलिस ने मृतक का नागरिक अस्पताल से पोस्टमॉर्टम करवा शव परिजनों को सौंप दिया। हादसा थाना सदर नारनौल क्षेत्र अंतर्गत लहरोदा फ्लाईओवर के पास हुआ। मृतक की पहचान महेंद्रगढ़ के गांव निम्बी निवासी 35 वर्षीय प्रशांत के रूप में हुई है। मृतक के भाई दीपक ने पुलिस चौकी फैजाबाद में दी शिकायत में बताया कि वे चार बहन-भाई हैं। उसका बड़ा भाई प्रशांत मेडिकेंट कंपनी, गुरुग्राम में काम करता था। करीब 15 दिन में घर आता-जाता रहता था। प्रशांत शादीशुदा था और उसका एक बेटा है। दीपक के अनुसार, 9 जनवरी 2026 की शाम प्रशांत कंपनी से काम खत्म कर अपनी मोटरसाइकिल पर सवार होकर घर लौट रहा था। पुलिस ने पहुंचाया था अस्पताल रात करीब 10:30 से 11 बजे के बीच लहरोदा फ्लाईओवर के पास किसी अज्ञात वाहन ने उसकी बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जोरदार थी कि प्रशांत को गंभीर चोटें आईं और वह सड़क पर गिर पड़ा। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और घायल अवस्था में प्रशांत को सरकारी अस्पताल नारनौल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया। रात को नहीं हुई थी पहचान पुलिस के अनुसार, रात का समय होने के कारण मौके पर कोई प्रत्यक्षदर्शी नहीं मिल सका। दुर्घटनाग्रस्त बाइक को कब्जे में लेकर चौकी परिसर में खड़ा कर दिया गया। शव को पहचान न होने के कारण पोस्टमॉर्टम हाउस में सुरक्षित रखवाया गया। अगले दिन मृतक के भाई दीपक और परिजन अस्पताल पहुंचे, जहां शव की पहचान प्रशांत के रूप में हुई।
नारनौल में एक्सीडेंट में युवक की मौत:गाड़ी ने मारी टक्कर, बाइक से घर लौट रहा, गुरुग्राम की कंपनी में करता काम
