रेवाड़ी शहर में रविवार को उस समय हड़कंप मच गया जब एक युवक ने दीवार पर खड़े होकर एतिहासिक बड़े तालाब में छलांग लगा दी। सूचना के बाद शहर थाना प्रभारी पुलिस टीम के साथ मौके पर पहुंचे और युवक को तालाब से निकाला। बताया जाता है कि परिवार द्वारा नशे के लिए पैसे देने से मना करने से नाराज होकर युवक ने यह कदम उठाया। युवक को तालाब से निकालने के बाद ट्रॉमा सेंटर में भर्ती करवाया गया है। लोग बने रहे तमाशबीन, एएसआई ने उठाया जानकारी के अनुसार शहर के एक मोहल्ला के करीब 28 वर्षीय आशु नशे करता है। रविवार को आशु ने परिवार से नशे के लिए पैसे मांगे। परिवार ने पैसे देने से मना कर दिया। जिससे नाराज होकर आशु बड़े तालाब के पास पहुंचा और हनुमान मंदिर के पास तालाब की दीवार पर चढ़कर तालाब में छलांग लगा दी। जिससे आसपास के लोगों में हड़कंप मच गया और घटना की सूचना पुलिस को दी। पुलिस मौके पर पहुंची और आशु को बाहर निकालने के लिए सहयोग मांगा। जब कोई सहयोग के लिए सामने नहीं आया, तो एएसआई विनोद ने स्वयं आशु को गोद में उठाकर तालाब से बाहर निकाला। तीन दिन पहले की थी मारपीट जानकारी के अनुसार आशु अक्सर नशे के लिए पैसे देने की मांग करते हुए माता-पिता को परेशान करता है। तीन दिन पहले भी आशु ने पैसे न देने पर माता-पिता के साथ मारपीट की थी। जिसकी शिकायत पुलिस से की गई थी। जांच अधिकारी ने शनिवार को बयान दर्ज किए थे। रविवार शाम को आशु ने नशे के लिए पैसे नहीं मिलने पर तालाब में छलांग लगा दी। नशे का आदी युवक एसएचओ सिटी सूबे सिंह ने बताया कि आशु नशे का आदी है। अक्सर बुजुर्ग माता-पिता से नशे के लिए पैसे की डिमांड करता है और नहीं मिलने पर उनके साथ मारपीट करता है। रविवार को तालाब में कूदने की सूचना के बाद हम मौके पर पहुंचे थे। आशु को तालाब से निकालकर ट्रॉमा सेंटर पहुंचाया गया। शिकायत मिलने पर पुलिस आगे नियमानुसार कार्रवाई करेगी।
रेवाड़ी के बड़े तालाब में युवक ने लगाई छलांग:ASI ने गोदी उठाकर निकाला बाहर; नशे के लिए परिवार ने नहीं दिया कैश
