कुरुक्षेत्र में सांड की टक्कर से युवक की मौत:तीन बच्चों का पिता, बाइक पर जरूरी काम से निकला, इकलौता कमाने वाला था

Spread the love

कुरुक्षेत्र जिले के बजीदपुर गांव के चौक के पास बाइक सवार युवक को बेसहारा सांड ने टक्कर मार दी। जिससे बाइक सवार बुरी तरह से जख्मी हो गया। लहूलुहान हालत में युवक को तुरंत अस्पताल पहुंचाया गया, यहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव का पोस्टमॉर्टम करवाकर परिजनों के हवाले कर दिया। मृतक की पहचान सुनील कुमार (33) निवासी शिव दास कॉलोनी पिपली के रूप में हुई। सुनील कुमार पेंट करने का काम करता था। सुनील अपने पीछे पत्नी, बेटे अनूप (8), हन्नी (10) और बेटी गुंजन (12) को छोड़ गया। सुनील अपने परिवार का अकेला सहारा था। उसकी मौत से परिवार काफी दुखी है। काम के लिए निकला था सुनील मृतक के छोटे भाई आकाश ने पुलिस को दिए बयान में बताया कि सुनील उसका बड़ा भाई था। कल रात करीब 11 से 11:30 बजे के बीच सुनील अपनी बाइक पर सवार होकर घर से किसी जरूरी काम से निकले थे। काफी देर तक उसका भाई घर नहीं पहुंचा। बाद में उसे पता चला कि उसके भाई को बजीद गांव के चौक पर सांड ने टक्कर मार दी। अस्पताल में हुई भाई की मौत टक्कर के बाद सुनील सड़क पर गिरकर जख्मी हो गया। सूचना पाकर मौके पर पहुंची डायल 112 की गाड़ी ने सुनील को तुरंत LNJP अस्पताल कुरुक्षेत्र पहुंचाया। यहां डॉक्टरों ने उसके भाई सुनील को मृत घोषित कर दिया। उधर, थाना सदर थानेसर पुलिस ने इत्तफाकिया रिपोर्ट दर्ज की।