नरवाना में सड़क हादसे में युवक की मौत:ट्रैक्टर की टक्कर से गिरा स्कूटी सवार; पहिया उपर से गुजरा, भाई देखता रह गया

Spread the love

जींद जिले के नरवाना क्षेत्र में गढ़ी थाना के अंतर्गत एक सड़क हादसा हुआ है। उझाणा गांव के पास एक तेज रफ्तार ट्रैक्टर ने स्कूटी सवार को टक्कर मार दी। इस हादसे में स्कूटी सवार की मौके पर ही मौत हो गई। ट्रैक्टर चालक घटना के बाद वाहन सहित फरार हो गया। पुलिस ने मृतक के भाई की शिकायत पर मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक की पहचान गांव ढूंढा निवासी गुरदेव के रूप में हुई है। मृतक के भाई बलदेवा ने पुलिस को बताया कि शनिवार शाम वह अपने भाई की तलाश में उझाणा गांव गया था। वापस लौटते समय उन्होंने देखा कि उनका भाई गुरदेव अपनी स्कूटी पर आगे चल रहा था। तभी पीछे से एक स्वराज 855 ट्रैक्टर तेज रफ्तार से आया और गुरदेव की स्कूटी को पीछे से टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि गुरदेव सड़क पर गिर पड़े। चालक ने ट्रैक्टर रोकने के बजाय उसे गुरदेव के ऊपर से निकाल दिया और मौके से भाग निकला। पीछे से आ रहे बलदेवा ने तुरंत घायल गुरदेव को संभाला और नागरिक अस्पताल नरवाना पहुंचाया। हालांकि, डॉक्टरों ने जांच के बाद गुरदेव को मृत घोषित कर दिया। घटना की सूचना मिलते ही परिवार में शोक छा गया और ग्रामीण अस्पताल में जमा हो गए। परिजनों की शुरुआती जांच में पता चला है कि दुर्घटना को अंजाम देने वाला स्वराज 855 ट्रैक्टर उझाणा निवासी राजेश उर्फ राजी का है। पुलिस फिलहाल ट्रैक्टर चालक के नाम और पते की तलाश कर रही है। थाना गढ़ी में केस दर्ज कर छानबीन शुरू कर दी है।