करनाल जिले में इंद्री हल्के के जडौली गांव के पास यमुना नदी में नहाने गए तीन युवकों में से एक युवक की डूबने से मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पुलिस और गोताखोरों की टीम पहुंची और सर्च अभियान शुरू किया गया। करीब साढ़े तीन घंटे की कड़ी मशक्कत के बाद युवक का शव बाहर निकाला गया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। मृतक की पहचान 21 वर्षीय विकास रूप में हुई है। वह मंगलवार दोपहर को अपने साथी वंश और अनुज के साथ यमुना में नहाने के लिए गया था। नहाने गया था युवक इस दौरान तीनों युवक नदी किनारे रील बना रहे थे और इसी दौरान अनुज नहाने के लिए पानी में उतर गया। गांव जडौली के सरपंच पंकज के अनुसार जिस स्थान पर अनुज नहा रहा था, वहां पानी की गहराई करीब लगभग 15 फुट थी। गहराई अधिक होने के कारण अनुज अचानक डूबने लगा। दोस्तों को बचाने नदी में कूदा अनुज ने खुद को संभालने की कोशिश की और किसी तरह ऊपर आया, लेकिन स्थिति बिगड़ती देख वंश ने उसे बचाने के लिए पानी में छलांग लगा दी। वंश ने किसी तरह अनुज को बाहर निकाल लिया, लेकिन इस दौरान विकास भी दोनों को बचाने के लिए नदी में कूद गया। बहाव तेज होने के कारण बाहर नहीं निकल सका पानी का बहाव और गहराई ज्यादा होने के कारण विकास बाहर नहीं आ सका और नदी में ही फंसकर डूब गया। इसके बाद वंश और अनुज ने तुरंत गांव के लोगों को सूचना दी। गोताखोरों ने चलाया सर्च अभियान सूचना मिलने पर पुलिस टीम मौके पर पहुंची। गोताखोर प्रगट सिंह भी मौके पर पहुंचे और सर्च ऑपरेशन शुरू किया गया। करीब साढ़े पांच बजे के आसपास विकास का शव बरामद कर लिया गया।
करनाल में यमुना में डूबने से युवक की मौत:दोस्तों को बचाते समय खुद डूब गया, रील बनाते समय हादसा, गोताखोरों ने निकाला शव
