‘मैं नहीं, मेरी डेडबॉडी ही आएगी’- बोलकर युवक का सुसाइड:सोनीपत में ताऊ को कॉल कर बोला- चाचा ने अमेरिका के नाम पर ठगे ₹50 लाख

Spread the love

हरियाणा के सोनीपत में 31 वर्षीय युवक ने छोटे भाई को अमेरिका भेजने के नाम पर हुई 50 लाख रुपये की ठगी से परेशान होकर जहरीला पदार्थ खाकर सुसाइड कर लिया। सुसाइड से पहले उसने ताऊ को कॉल की। बोला- गांव के ही एक चाचा ने उन्हें दिल्ली पुलिस में तैनात एक व्यक्ति के जरिए विदेश भेजने का भरोसा दिलवाया था। इसके बाद दलालों को रकम दी गई, लेकिन न तो अमेरिका भेजा गया और न ही पैसे लौटाए गए। लगातार दबाव और धमकियों से परेशान होकर मैं यह कदम उठा रहा हूं। अब मैं नहीं, मेरी डेडबॉडी ही घर आएगी। उसने रेस्टोरेंट में बैठकर यह कदम उठाया। रेस्टोरेंट में उसके साथ बैठे दोस्त की भी संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ गई। इसके बाद हालत बिगड़ने पर रेस्टोरेंट स्टाफ ने ही दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोस्त को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। सूचना पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया दिया। परिजनों ने पुलिस से इस मामले में जल्द से जल्द कार्रवाई की मांग की। युवक ने क्यों और कैसे किया सुसाइड, भाई ने दी जानकारी… भाई को अमेरिका भेजने के लिए जुटाए थे पैसे : मृतक युवक की पहचान रोहित के रूप में हुई। उसके भाई मोहित ने बताया कि उनका सपना अमेरिका जाने का था। इसके लिए उसके भाई रोहित ने अपने ताऊ को एक एकड़ जमीन बेचकर करीब एक करोड़ रुपये जुटाए थे। इनमें से लगभग 50 लाख रुपये विदेश भेजने के नाम पर एजेंट को दे दिए गए। कई देशों में घुमाने के बाद वापस भारत भेजा : मोहित के अनुसार, आरोपियों ने पहले उसको ब्राजील भेजा, जहां उसे करीब दो महीने रखा गया। इसके बाद उसे मुंबई लाया गया, जहां 15 दिन रोका गया और फिर इथियोपिया भेज दिया गया। वहां भी करीब दो महीने रखने के बाद उसे अमेरिका भेजने का झांसा दिया गया, लेकिन अंत में उसे वापस भारत भेज दिया गया। पैसे वापस मांगने पर मिली धमकियां : मोहित का आरोप है कि जब उन्होंने एजेंट्स से अपने रुपए वापस मांगे तो आरोपियों ने देने से इनकार कर दिया। शिकायत करने पर आरोपियों ने रुपया लौटाने का आश्वासन दिया और एक शपथपत्र भी दिया, लेकिन बाद में मुकर गए। इसके बाद रोहित और उसके भाई को बार-बार धमकाया गया और झूठे केस में फंसाने की धमकी दी गई। मानसिक तनाव में था भाई, कई बार बताई थी परेशानी : मोहित के अनुसार, लगातार दबाव और पैसों की वापसी न होने के कारण भाई रोहित गहरे तनाव में था। उसने कई बार कहा था कि वह इस परेशानी से तंग आ चुका है और आत्महत्या कर सकता है। परिवार ने उसे समझाने की कोशिश की, लेकिन वह अंदर ही अंदर टूटता चला गया। रेस्टोरेंट में दोस्त के साथ बैठा, फिर खा ली सल्फास : मोहित ने बताया कि 31 मार्च की रात रोहित छोटूराम चौक स्थित एक रेस्टोरेंट में अपने दोस्त अंकुश के साथ बैठा था। वहां दोनों शराब पी रहे थे। आरोप है कि अंकुश ने उसे साथ मरने के लिए उकसाया। इसके बाद रोहित ने मौके पर सल्फास की गोलियां खा लीं। आरोप है कि अंकुश की भी संदिग्ध परिस्थितियों में हालत बिगड़ गई। रेस्टोरेंट स्टाफ ने अस्पताल में भर्ती कराया : हालत बिगड़ने पर रेस्टोरेंट स्टाफ ने ही दोनों को अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टरों ने युवक को मृत घोषित कर दिया, जबकि उसके दोस्त को भर्ती कर इलाज शुरू किया गया। सूचना पुलिस और परिजन भी मौके पर पहुंए गए। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए सिविल अस्पताल में रखवाया दिया। मृतक के भाई मोहित का दावा है कि अंकुश ने खुद जहर नहीं खाया है। सुसाइड से पहले ताऊ को किया फोन : ताऊ महेंद्र के अनुसार, आत्महत्या से पहले रोहित ने उन्हें फोन कर कहा था कि अब वह जिंदा नहीं रहेगा और उसकी डेड बॉडी ही घर पहुंचेगी। इस बात से साफ है कि वह मानसिक रूप से बेहद परेशान था। उसके बाद उसके भतीजे ने जहर की गोलियां खा ली। मौत के लिए आरोपियों को ठहराया जिम्मेदार
परिजनों ने गांव के ही कुछ लोगों और अन्य आरोपियों पर गंभीर आरोप लगाए हैं। उनका कहना है कि विदेश भेजने के नाम पर ठगी, बार-बार दबाव और धमकियों के कारण ही रोहित ने यह कदम उठाया। परिवार ने पुलिस से आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई और गिरफ्तारी की मांग की है। परिजनों ने चेतावनी दी है कि यदि जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो वे शव को सड़क पर रखकर प्रदर्शन करेंगे। उन्होंने न्याय की मांग करते हुए दोषियों को सजा दिलाने की मांग की है। पुलिस मामले की जांच में जुटी
सोनीपत सिटी थाना पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है। पुलिस का कहना है कि सभी पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच की जा रही है। जिस रेस्टोरेंट में यह घटनाक्रम हुआ, वहां भी टीम भेजकर जांच कराई जा रही है। सत्यता जानने के लिए सीसीटीवी कैमरे भी खंगाले जा रहे है। तथ्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।