गुरुग्राम जिले में फर्रुखनगर के वार्ड नंबर 5 स्थित बहारली बस्ती में किराए के मकान में रह रहे एक युवक द्वारा आत्महत्या किए जाने का मामला सामने आया है। मृतक की पहचान दीपक पुत्र पारस निवासी महराना, जिला चरखी दादरी के रूप में हुई है। वह पिछले कुछ महीनों से अपनी पत्नी के साथ फर्रुखनगर में रह रहा था। जानकारी के अनुसार, दीपक और उसकी पत्नी दोनों ही एक निजी कंपनियों में कार्य करते थे। घटना के समय उसकी पत्नी पास की दुकान से दूध लेने गई हुई थी। इसी दौरान दीपक ने घर के अंदर फांसी लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। कुछ देर बाद पड़ोसियों को जब घटना की जानकारी हुई तो उन्होंने तुरंत पुलिस को सूचित किया। नशा करने का आदी था युवक पड़ोसियों ने बताया कि दीपक नशे का आदी था और इसी कारण वह अक्सर मानसिक तनाव में रहता था। मृतक की दो छोटी बेटियां हैं, जिनकी उम्र करीब दो से चार वर्ष के बीच बताई जा रही है। पिता की अचानक मौत से परिवार पर दुखों का पहाड़ टूट पड़ा है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और मकान का मुआयना किया। आवश्यक कार्रवाई के बाद शव को गुरुग्राम पोस्टमॉर्टम के लिए भिजवा दिया गया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और परिजनों व आसपास के लोगों के बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं, मकान मालिक हरकेश, निवासी खुर्मपुर, ने बताया कि दीपक अपने परिवार के साथ पिछले पांच से छह महीनों से उनके मकान में किराए पर रह रहा था। घटना के बाद क्षेत्र में शोक का माहौल है। पुलिस का कहना है कि पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट आने के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फर्रुखनगर में युवक ने किया सुसाइड:पत्नी दूध लेने गई, किराए के मकान में रहता, दो बेटियों का पिता, चरखी दादरी का रहने वाला
