झज्जर में युवक की डंडों से पिटाई;VIDEO:आरोपी बोले- घर की बहू से दोस्ती की थी; आज उसका बदला लेंगे

Spread the love

झज्जर जिले के गांव जसौर खेड़ी निवासी एक युवक के साथ आसौदा थाना क्षेत्र में पुरानी रंजिश के चलते मारपीट किए जाने का मामला सामने आया है। आरोप है कि हमलावरों ने युवक को सुनसान स्थान पर ले जाकर लाठियों से पीटा, उसकी पिटाई का वीडियो बनाया और पुलिस में शिकायत करने पर जान से मारने की धमकी दी। पीड़ित जतिन निवासी गांव जसौर खेड़ी ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि 8 जनवरी 2026 को वह अपने घर पर मौजूद था। शाम करीब 4:30 बजे उसका दोस्त रजनेश उर्फ छोटा मोटरसाइकिल लेकर उसके पास आया और बस स्टैंड तक घूमने चलने को कहा। इसके बाद दोनों गांव के बस स्टैंड पहुंचे, जहां कुछ समय बाद उनके अन्य दोस्त हरीश और नितिन दोनों निवासी गांव आसौदा, भी वहां आ गए। पहले गांव की डिग्गी में शराब ली पुलिस को दी शिकायत में जतिन ने बताया कि हरीश ने रजनेश से मोटरसाइकिल ले ली और तीनों जसौर खेड़ी स्थित जतिन के घर पहुंचे। वहां से जतिन 500 रुपए लेकर हरीश और नितिन के साथ मोटरसाइकिल पर सवार होकर गांव आसौदा के पास बनी पानी की डिग्गी पर चले गए। आरोप है कि वहां बैठकर उन्होंने शराब पी। मारपीट की फोन से वीडियो बनाई शाम करीब 5 बजे, हरीश और नितिन ने अपने हाथों में लकड़ी के डंडे उठा लिए और जतिन से कहा कि उसने पहले उनके घर की बहू से दोस्ती की थी, जिसका बदला वे आज उससे लेंगे। इसके बाद दोनों ने बारी-बारी से जतिन के पूरे शरीर पर डंडों से हमला कर दिया। आरोप है कि हमलावरों ने जतिन के ही मोबाइल फोन से उसकी पिटाई का वीडियो भी बनाया। भागने पर रास्ता रोक पीटा पीड़ित के अनुसार, जब वह जान बचाकर वहां से भागने लगा तो आरोपियों ने उसका रास्ता रोक लिया, उसे जमीन पर गिरा दिया और फिर से मारपीट की। इस दौरान उसे धमकी दी गई कि यदि उसने इस घटना की जानकारी पुलिस को दी तो उसे जान से मार दिया जाएगा। किसी तरह जान बचाकर जतिन घर पहुंचा और पूरी घटना अपने परिजनों को बताई। इसके बाद उसके चाचा अजीत उसे इलाज के लिए सिविल अस्पताल बहादुरगढ़ लेकर पहुंचे, जहां उसका मेडिकल परीक्षण कराया गया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की मेडिकल रिपोर्ट में जतिन के शरीर पर कुल पांच चोटें पाई गईं। मेडिकल रिपोर्ट के अनुसार, उसके दाहिने हाथ पर दो नीले निशान, बायीं ओर मध्य भाग में एक नीला निशान, दोनों नीतंबों पर कई लाल और नीले चोट के निशान तथा दोनों पैरों पर कई चोटें लगी हुई हैं। सूचना मिलने पर पुलिस अस्पताल पहुंची और पीड़ित के बयान लिए। पुलिस ने पीड़ित के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर भारतीय न्याय संहिता (BNS) की धारा 115, 126, 351(2) और 3(5) के तहत मामला दर्ज कर लिया है। पुलिस ने बताया कि मामले की जांच जारी है।