फरीदाबाद में युवक की सरेआम पिटाई:जमीन पर गिराकर पीटा, वीडियो सामने आया, पुलिस ने 3 आरोपियों को किया अरेस्ट

Spread the love

फरीदाबाद के पल्ला थाना क्षेत्र के दुर्गा बिल्डर, इस्माइलपुर इलाके में शनिवार दोपहर उस समय हड़कंप मच गया, जब 3-4 युवकों ने मिलकर एक युवक की सरेआम बेरहमी से पिटाई कर दी। इस पूरी घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया है, जिससे इलाके में दहशत का माहौल है। युवक की अधमरी हालत देख स्थानीय लोग दौड़कर मौके पर पहुंचे और युवक को बचाया, साथ ही हमला करने वालों को भी मौके से पकड़ लिया। वायरल वीडियो में साफ तौर पर देखा जा सकता है कि कुछ युवक एक युवक को जमीन पर गिराकर लात-घूंसों से पीट रहे हैं, जबकि एक युवक उसे घसीटते हुए भी नजर आ रहा है। आसपास मौजूद लोगों ने साहस दिखाते हुए बीच-बचाव किया और घायल युवक को आरोपियों के चंगुल से छुड़ाया। पिटाई से युवक गंभीर घायल जानकारी के अनुसार, मारपीट की इस घटना में युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। स्थानीय लोगों की मदद से उसे तुरंत अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उसका इलाज जारी है। घटना की सूचना मिलते ही पल्ला थाना पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की जांच शुरू कर दी। स्थानीय लोगों की सहायता से पुलिस ने तीन आरोपियों को मौके पर ही पकड़ लिया है, जिन्हें हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है। वहीं अन्य फरार आरोपियों की तलाश जारी है। नवीन नगर पुलिस चौकी के इंचार्ज संजय कुमार ने बताया कि वायरल वीडियो के आधार पर मामले की गंभीरता से जांच की जा रही है। उन्होंने कहा कि मारपीट के कारणों का पता लगाया जा रहा है और घायल युवक का बयान दर्ज कर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।