गाजियाबाद में पुलिस ने बुधवार रात एक युवक को हिरासत में लिया। इसके बाद पुलिस ने उसे अस्पताल में भर्ती कराया। पुलिस का कहना है कि युवक पुलिस कस्टडी से भाग रहा था। तभी वह ट्रक से टकरा गया। युवक का भागते हुए का एक सीसीटीवी भी सामने आया है। वहीं युवक के पिता का कहना है कि पुलिसकर्मियों ने उसे हवालात में बंदकर जमकर पीटा। उसे थर्ड डिग्री दी। जब वह अधमरा हो गया तो उसे अस्पताल में भर्ती करा दिया। युवक का निजी अस्पताल में इलाज चल रहा है। वहीं गुस्साए ग्रामीणों ने निवाड़ी थाने पर जमकर हंगामा किया। हंगामा की सूचना पर मौके पर एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने ग्रामीणों को समझाया। करीब 2 घंटे तक हंगामा होता रहा। वह नगर पंचायत में आउटसोर्सिंग पर संविदा कर्मचारी है। DCP देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने युवक को अवैध तरीके से हिरासत में लेने और पीटने के मामले में 2 दरोगा समेत 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया। चारों के खिलाफ विभागीय जांच भी शुरू की गई है। विस्तार से पढ़िए पूरा मामला निवाड़ी थाना क्षेत्र के पतला गांव निवासी अमित कुमार (32 साल) पुत्र सुभाष चौधरी नगर पंचायत में आउटसोर्सिग कर्मचारी हैं। वह 7 अप्रैल की रात को अमित 3 साथियों के साथ शराब पी रहा था। इसी बीच वहां पर पुलिस पहुंच गई। पुलिस और युवकों के बीच कहासुनी हो गई। इसके बाद पुलिस अमित को हिरासत में लेकर निवाड़ी थाने ले आई। अमित के छोटे भाई सुमित ने बताया कि मैं आर्मी में हूं। मेरी दिल्ली में पोस्टिंग है। पुलिस वाले मेरे भाई को लेकर गए। पुलिस ने अमित को हवालात में बंद करके पीटा। जब उसकी तबियत खराब हो गई। तो पुलिस उसे यशोदा अस्पताल लेकर पहुंचे। हम लोगों को कुछ भी नहीं बताया। मेरे भाई को पुलिस वालों ने पीटा है। वह कोमा में है। अगर उसे कुछ होता है तो इसकी जिम्मेदार पुलिस है। सुमित ने कहा कि मुझे रात में सूचना दी गई मुझे रात करीब डेढ़ बजे फोन आया कि अमित की तबियत खराब है। जब उसकी तबियत खराब थी तो वह कैसे भागा। पुलिस वाले ही दोषी है। उन्होंने घटनास्थल से लेकर चौकी तक सभी सीसीटीवी के फुटेज डिलीट कर दिए हैं। अब जो रह गए हैं, उन्हें डिलीट कर रहे हैं। वही पुलिस का कहना है कि अमित कुमार का मेडिकल कराने के लिए पुलिस गाड़ी में मुरादनगर स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र लेकर गई थी। गाड़ी से उतरते ही अमित कुमार दिल्ली-मेरठ मार्ग रोड पर भाग निकला। तभी वह ट्रक की चपेट में आ गया। अमित हादसे में गंभीर रूप से घायल हो गया। फिर पुलिस ने उसे स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया। इसके बाद हालत नाजुक देखते हुए यशोदा अस्पताल में भर्ती कराया गया। डॉक्टरों ने बताया कि अमित को वेटिंलेटर पर रखा गया है। जिसकी हालत नाजुक बनी हुई है। ग्रामीणों ने थाना घेरा, जमकर नारेबाजी की इसकी जानकारी मिलते ही गांव वाले गुरुवार शाम 5:30 बजे बजे निवाड़ी थाने पहुंचे। यहां पुलिस वालों पर कार्रवाई की मांग करते हुए हंगामा शुरू कर दिया। पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। रालोद के जिलाध्यक्ष रामपाल चौधरी, अमरजीत सिंह बिड्डी, योगेंद्र पतला, पतला की नगर पंचायत अध्यक्षा रीता चौधरी, अनिल त्यागी भी पहुंचे। उन्होंने लापरवाही बरतने वाले पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई करने की मांग की। एसीपी मोदीनगर भास्कर वर्मा ने किसी तरह लोगों को समझाकर शांत कराया। इस दौरान करीब 2 घंटे तक हंगामा चला। पिता बोले- बेटे को हवालात में पीटा गया अमित के पिता सुभाष ने बताया कि अमित अपने तीन दोस्तों के साथ गया था। यदि वह शराब पी रहा था तो उसकों को थाने में हवालात में बंद कर दिया जाता ओर चालान कर देते। लेकिन उसे पीटा गया। परिजनों का कहना है कि पुलिस ने उसे इतना पीटा कि वह गंभीर रूप से घायल हो गया। अब पुलिस इसे सड़क हादसा दिखाकर मामला रफा दफा करना चाहती है। ACP मोदीनगर भास्कर वर्मा का कहना है कि थर्ड डिग्री का आरोप गलत है। पुलिस उसे उपचार के लिए सीएचएसी मुरादनगर ले गई। इसी बीच वह पुलिसकर्मियों के बीच से भाग निकला और ट्रक से जा टकराया। पूरे मामले में जांच की जा रही है, जांच में जो भी दोषी होगा,उसके खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। सीसीटीवी में युवक गाड़ी से कूदकर भागते दिखा वहीं 2 सीसीटीवी सामने आए हैं। पहला सीसीटीवी अस्पताल के बाहर का बताया जा रहा है। इसमें दिख रहा है कि अस्पताल के गेट पर पुलिस की गाड़ी रुकती है। इसके बाद पीछे का दरवाजा खोलकर एक युवक भाग जाता है। वहीं दूसरे सीसीटीवी में दिख रहा है कि युवक मोहल्ले की गलियों में दौड़ रहा है। पुलिसवाले उसका पीछा कर रहे हैं। 2 दरोगा समेत 4 सस्पेंड DCP देहात सुरेंद्रनाथ तिवारी ने बताया कि जांच में पुलिसकर्मी दोषी मिले हैं। युवक को अवैध तरीके से हिरासत में लेने और पीटने के मामले में 4 पुलिसकर्मियों को निलंबित किया गया है। निवाड़ी थाने के दरोगा लोकेंद्र कुमार, दरोगा शाहिद खान, हेड कांस्टेबल सचिन मोहन, सिपाही नरेंद्र को सस्पेंड कर दिया। ………………….. ये खबर भी पढ़िए- माफिया अशरफ के करीबी प्रॉपर्टी डीलर की हत्या:प्रयागराज में 4 नकाबपोश बाइक से आए, बीच-बाजार गोली मारी; अतीक का शूटर नामजद प्रयागराज में माफिया अशरफ के करीबी प्रॉपर्टी डीलर मोहम्मद इरफान (47) की गोली मारकर हत्या कर दी गई। इरफान घर के पास ही चाय की दुकान पर बैठे थे, तभी 2 बाइक से 4 हमलावर आए। सभी ने गमछे से मुंह ढक रखे थे। इरफान के नजदीक ही हमलावरों ने बाइक रोकी। 3 बाइक पर बैठे रहे, जबकि एक हमलावर बाइक से उतर गया। वह इरफान के करीब पहुंचा। पिस्टल निकाली और सीने पर सटाकर गोली मार दी। पढ़ें पूरी खबर…
थाने में युवक को पीटा, 2 दरोगा समेत 4 सस्पेंड:गाजियाबाद के निवाड़ी थाने में 2 घंटे हंगामा, पिता बोले- बेटे को पीटकर अधमरा किया
