योगी ने वैज्ञानिकों से पूछा-मौसम बार-बार क्यों बिगड़ रहा:जवाब मिला- ईरान-पाकिस्तान का बवंडर वजह; लखनऊ में किस्सा सुनाया

Spread the love

सीएम योगी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश कृषि विज्ञान कांग्रेस-2026 का शुभारंभ किया। कार्यक्रम में उन्होंने वैज्ञानिकों से बातचीत का एक किस्सा सुनाया। सीएम ने बताया- हाल ही में मैं कृषि मौसम वैज्ञानिकों से बात कर रहा था कि खेती के समय अचानक मौसम क्यों बिगड़ गया। उन्होंने बताया- इसके पीछे की वजह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस है। ईरान और पाकिस्तान में जो बवंडर उठा है, हमारे यहां के मौसम बिगड़ने का कारण है। हमने उनसे कहा कि वहां युद्ध से लोग लड़े-मरे लेकिन भारत के अंदर यह क्यों हो रहा है? वैज्ञानिकों ने बताया- यह वेस्टर्न डिस्टर्बेंस का परिणाम है। बादल काफी नीचे हैं और यह ओलावृष्टि का कारण बनेगा, साथ ही असमय बारिश का भी कारण बनेगा। ये चुनौतियां हमेशा आती रहेंगी, क्योंकि कुछ लोगों की प्रवृत्ति जैसी होती है, प्रकृति भी वहां वैसी ही हो जाती है। वे खुद शांति से नहीं रहते और दूसरों को भी नहीं रहने देते। न खुद करेंगे, न करने देंगे। उसी दुष्प्रवृत्ति का शिकार हमारा अन्नदाता किसान भी हो जाता है। इसलिए हमें देसी पद्धति को विकसित करना पड़ेगा, जिसके बारे में प्रधानमंत्री जी बार-बार कहते हैं। सीएम के संबोधन की 5 बड़ी बातें पढ़िए… 1-आक्रांताओं ने खेती पर ही नहीं, बल्कि उद्यमिता पर हमला किया था सीएम योगी ने कहा- जब भारत का दुनिया की अर्थव्यवस्था में 44-45 फीसदी अधिकार था, तब उसका आधार भारत की कृषि थी। अन्नदाता किसान और कारीगर इसका आधार थे। किसान सिर्फ खेती तक सीमित नही थे, वह कारीगर भी थे, दोनों काम मिलकर होते थे। किसान उत्पादक था और जब कारीगर बनकर कार्य करता था, तो उद्यमी के रूप में भी खुद को स्थापित करता था। उत्पादक से उद्यमी से बनने की गाथा है- वैदिक काल से भारत में विशेषकर उत्तर प्रदेश की माटी से जुड़ी रही है। आक्रांताओं ने खेती पर ही हमला नहीं किया था, यहां की उद्यमिता पर भी हमला किया। यहां जितने कृषि वैज्ञानिक, शोधार्थी हैं उन्होंने भारत के राष्ट्रगीत वंदेमातरम की गाथा को सुना होगा। यह भारत के आनंदमठ पर आधारित उपन्यास का एक पार्ट है। यह बंगाल की त्रासदी पर आधारित गीत है। बंगाल में जब अकाल पड़ते थे, लोग भूखे मर रहे थे, वहां के एक जमीदार महेंद्र नाथ के परिवार पर किस प्रकार बीता था, फिर संन्यासी विद्रोह हुआ था, ब्रिटिश औपनिवेशिक काल मे किस प्रकार शोषण होता था, उसकी पूरी गाथा आनंदमठ में समाहित की गई है। भारत के उत्पादक किसान को कर्जदार बना दिया जाता है, तो वह कर्जदाता बनने की गाथा अकाल और त्रासदी के रूप में हम सबको देखने को मिलती है। 2-पहले चीनी मिलें बंद हो रही थीं, बेची जा रही थीं योगी ने कहा- सरकार ने आज कृषि,खेती और किसान को एजेंडे का हिस्सा बनाया है। आज हमने गन्ना उत्पादक किसानों को, जिस उत्तर प्रदेश में दस-दस वर्षों तक गन्ना मूल्य का भुगतान नहीं हुआ था, चीनी मिलें बंद हो रही थीं, बेंची जा रही थीं, उसी उत्तरप्रदेश में आज वो शुगर कॉम्प्लेक्स के रूप में काम कर रही हैं। उत्तर प्रदेश देश के कुल 55 फीसदी गन्ने का उत्पादन कर रहा है। एथेनॉल उत्पादन 41 करोड़ लीटर से बढ़कर लगभग पौने 2 लाख करोड़ लीटर तक पहुंच चुका है। हमने गन्ना किसानों को ही लगभग 2 लाख 90 हजार करोड़ रुपए से अधिक की राशि डीबीटी के माध्यम से दे चुके हैं। यूपी में जो 122 चीनी मिलें चल रही हैं, उनमें से 106-107 चीनी मिल ऐसी हैं जो छठे-सातवें दिन गन्ना मूल्य का भुगतान कर दे रही हैं, यानी गन्ना मूल्य के भुगतान में लेट नहीं, ये सब कुछ आपस में जुड़ा है, लोग नई-नई चीनी मिल लगाने के लिए आगे आ रहे हैं। 3- 2017 के पहले पब्लिक और किसान के मन में एक अविश्वास था मुख्यमंत्री ने कहा- 2017 के पहले की चुनौती क्या थी? पब्लिक और किसान के मन में एक अविश्वास था। उसको सरकार पर कोई फेथ नहीं थी, उसका कोई विश्वास नहीं था, क्योंकि उसे मालूम था ये लोग जो बोल रहे हैं इनको खेती किसानी से कोई मतलब है नहीं, किसान आत्महत्या करता था, पलायन करता था, अलग-अलग प्रकार से वह प्रताड़ित होता था। 4- अन्नदाता केवल चुनावी मुद्दा था सीएम ने कहा- अन्नदाताओं के लिए सरकार की कोई नीति नहीं थी। अन्नदाता उस समय केवल एक चुनावी मुद्दा होता था। किसानों को जाति के नाम पर बांटते थे। तमाम प्रकार के विवादों में बांटते थे। खेती में लागत अधिक थी, उत्पादन कम होता था और जो उत्पादन भी करता था, उसमें बिचौलिए हावी थे। 5- सरकारी खरीद केंद्र नहीं चलते थे, बिचौलिए हावी थे योगी ने कहा- सरकारी खरीद केंद्र नहीं चलते थे, बिचौलियों के माध्यम से सब खरीदा जाता था। परिणाम क्या होता था? अन्नदाता कर्ज के रूप में बोझ से दबता था। वह आत्महत्या करने के लिए मजबूर होता था। 2017 के बाद हम लोगों ने कार्य जो प्रारंभ किया, आज हमारे पास इसके लिए स्पष्ट नीति है। यूपी में 15 दिनों से बेमौसम बारिश की मार से किसान बेहाल यूपी में पिछले 15 दिनों से बेमौसम बारिश की मार किसान झेलने को मजबूर हैं। बारिश और ओले की वजह से किसानों की हजारों एकड़ फसलें बर्बाद हो चुकी हैं। बारिश और ओलों की वजह से गेहूं, सरसों, दलहन आदि फसलों को काफी नुकसान हुआ है। सीएम योगी ने बीते दिनों रिव्यू मीटिंग कर जल्द से जल्द सर्वे कर मुआवजा देने का निर्देश दिया है। ————————————– अब भास्कर के सबसे बड़े सर्वे में हिस्सा लीजिए… यूपी में विधायकों के 4 साल पूरे हो चुके हैं। क्या आपके मौजूदा विधायक को 2027 के विधानसभा चुनाव में टिकट मिलना चाहिए? भास्कर सर्वे में हिस्सा लेकर बताइए… …………………. ये खबर भी पढ़ें… लखनऊ में हाथ-पैर बांधकर 13 साल की लड़की से रेप:आंधी-बारिश से बचने के लिए निर्माणाधीन मकान में रुकी, 5 नाबालिगों ने बंधक बनाया लखनऊ में 13 साल की लड़की से रेप का मामला सामने आया है। लड़की मंगलवार रात निर्माणाधीन मकान में बेसुध मिली। उसके हाथ-पैर बंधे थे। भाई के मुताबिक, काम करके लौट रही बहन आंधी-बारिश से बचने के लिए निर्माणाधीन मकान में रुकी थी। पढ़िए पूरी खबर…