नमस्कार, गणतंत्र दिवस के अगले रोज यानि 27 जनवरी को नो न्यूज पेपर डे रहता है। यानि अखबार नहीं आता। ऐसे में दैनिक भास्कर डिजिटल एप आपके लिए लाया है कि वो दस बड़ी खबरें, जिन्होंने गणतंत्र दिवस पर सभी का ध्यान अपनी तरफ खींचा। पहली खबर है रेवाड़ी से, जहां प्रोग्राम से लौट रहे सरपंच प्रतिनिधि को सड़क पर गिराकर बेरहमी से लाठियां बरसाईं। दूसरी बड़ी खबर नूंह से रही, जहां प्रेमी के साथ लिव-इन में रह रही मां पर नाबालिग बेटे ने हमला कर दिया। उसने चाकू से मां के हाथ और पैर काट दिए। वहीं, हिसार में एक सड़क हादसे में 3 लोगों की मौत हो गई। हिसार की ही एक फैक्ट्री में आग जलाकर सोए 5 लोगों का दम घुट गया, जिनमें से 3 की मौत हो गई और 2 की हालत गंभीर है, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। पढ़िए सभी 10 खबरें… रेवाड़ी में सरपंच प्रतिनिधि पर लाठियां बरसाईं, 15-20 युवकों ने हमला किया हरियाणा के रेवाड़ी में 15-20 युवकों के एक ग्रुप ने सरपंच प्रतिनिधि पर लाठी-डंडों से हमला कर दिया। घटना में युवक को कई गंभीर चोटें आई हैं। एक बदमाश ने लठ मारकर उसकी गाड़ी के शीशे भी तोड़ दिए। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, बदमाशों ने सरपंच प्रतिनिधि सुरेंद्र पहलवान की गाड़ी में टक्कर मारी। जब वह नीचे उतरा तो एक बदमाश ने उसके ऊपर 3 राउंड फायर किए। (पूरी खबर पढ़ें) हिसार में कार पेड़ से टकराई, एक ही परिवार के 3 लोगों की मौत हरियाणा के हिसार जिले में बनभौरी मार्ग पर रविवार देर रात भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के तीन सदस्यों की जान चली गई, जबकि छह अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। हादसा उस वक्त हुआ जब सगाई समारोह से लौट रही एक ब्रेजा गाड़ी पहले ट्रैक्टर-ट्रॉली से टकराई और फिर बेकाबू होकर पेड़ से जा भिड़ी। (पूरी खबर पढ़ें) सोनीपत में युवक पर फायरिंग, 3 साल पहले हुए मर्डर की रंजिश में वारदात सोनीपत जिले के गैंगस्टर काला जठेड़ी के गांव में पुरानी रंजिश के चलते दिनदहाड़े सनसनीखेज वारदात सामने आई है। जहां बदमाशों ने खेतों की ओर जा रहे एक युवक पर ताबड़तोड़ गोलियां बरसा दीं। गोली लगने से युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे पहले सरकारी अस्पताल और फिर निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां से उसकी नाजुक हालत को देखते हुए रेफर कर दिया गया। (पूरी खबर पढ़ें) महेंद्रगढ़ में गिरफ्तारी के डर से युवक ने VIDEO बनाकर सुसाइड किया हरियाणा के महेंद्रगढ़ में एक युवक ने गिरफ्तारी के डर से सुसाइड कर लिया। युवक ने सुसाइड करने से पहले एक वीडियो और सुसाइड नोट भी छोड़ा है। इसमें युवक 6 प्रॉपर्टी डीलरों को अपनी मौत के लिए जिम्मेदार ठहरा रहा है। (पूरी खबर पढ़ें) फरीदाबाद की पुलिस चौकी में युवक ने ₹500 के नोट उड़ाए, कार इंपाउंड की थी हरियाणा के फरीदाबाद में एक युवक ने पुलिस चौकी में घुसकर 500-500 रुपए के कई नोट उड़ा दिए। उसके साथियों ने काफी देर तक पुलिस के सामने ही हाई वोल्टेज ड्रामा किया। इस दौरान चौकी में तैनात पुलिसकर्मी युवक को समझाने का प्रयास करते रहे। (पूरी खबर पढ़ें) सोनीपत पुलिस ने हत्या के आरोपी का एनकाउंटर किया, पैर में लगी गोली हरियाणा के सोनीपत में सोमवार सुबह पुलिस की एंटी गैंगस्टर यूनिट और बदमाश के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस की गोली लगने से एक बदमाश घायल हो गया। घायल बदमाश को सोनीपत के सिविल अस्पताल में भर्ती कराया गया। बदमाश के पैर में गोली लगी है। (पूरी खबर पढ़ें) हिसार में फर्नीचर फैक्ट्री में दम घुटने से 3 की मौत, 2 की हालत गंभीर हरियाणा के हिसार में सोमवार को दम घुटने से 3 लोगों की मौत हो गई, जबकि 2 की हालत गंभीर है। हादसा ढंडूर गांव में स्थित एक फर्नीचर फैक्ट्री में हुआ। पांचों लोग लोहे की बाल्टी में आग लगाकर कमरा बंद कर सोए थे। साथी कर्मचारी कमरे में आया तो पांचों लोग बेसुध पड़े हुए थे। इसके बाद तुरंत पांचों को सिविल अस्पताल ले जाया गया। (पूरी खबर पढ़ें) कुरुक्षेत्र में मिला बुजुर्ग व्यक्ति का शव, सड़ी-गली मिली लाश कुरुक्षेत्र के पिहोवा में सरस्वती तीर्थ के पास खाली प्लॉट से एक व्यक्ति का सड़ा हुआ शव बरामद हुआ। शव 8-10 दिन पुराना था। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर उसकी पहचान की कोशिश की। पहचान नहीं होने पर पुलिस ने शव को 72 घंटे के लिए मॉर्चरी में रखवा दिया। (पूरी खबर पढ़ें) नूंह में प्रेमी के साथ जाने पर मां के पैर काटे, एक साल पहले 5 बच्चों को छोड़ा हरियाणा के नूंह में एक नाबालिग ने अपनी मां के पैर काट दिए। लड़के ने मीट काटने वाले चाकू से मां पर हमला किया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गई। महिला का सिविल अस्पताल में इलाज चल रहा है।बताया जा रहा है कि महिला करीब एक साल पहले अपने 5 बच्चों और पति को छोड़कर एक लिव-इन पार्टनर के साथ रहने लगी थी। (पूरी खबर पढ़ें) पंचकूला में बच्चों से भरी पिकअप गाड़ी पलटी, गणतंत्र दिवस परेड देखने जा रहे थे पंचकूला में गणतंत्र दिवस कार्यक्रम देखने जा रहे बच्चों की पिकअप गाड़ी पलट गई। हादसे के समय गाड़ी में करीब 15 बच्चें सवार बताए जा रहे हैं। जिनमें से 2 के चेहरे और सिर में चोटें आई हैं। जिन्हें पंचकूला सेक्टर-6 नागरिक अस्पताल में उपचार के लिए भर्ती करवाया गया है। (पूरी खबर पढ़ें)
हरियाणा की कल की 10 बड़ी खबरें:नूंह में मां के पैर काटे, हिसार में सड़क हादसे में 3 की मौत; फरीदाबाद पुलिस चौकी में नोट बरसाए
