हरियाणा में राज्यसभा चुनाव में हारते-हारते बची कांग्रेस में कलह बढ़ गई है। पार्टी उन 5 विधायकों को नोटिस देने की तैयारी में है, जिन्होंने क्रॉस वोट किया। इसी बीच कांग्रेस के कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष रामकिशन गुर्जर ने पार्टी छोड़ दी है। उनकी पत्नी शैली चौधरी नारायणगढ़ से विधायक हैं। राज्यसभा चुनाव की वोटिंग के दौरान (16 मार्च) शैली CM नायब सैनी के पॉलीटिकल सचिव तरूण भंडारी के साथ नजर आईं थी। सोर्सेज के मुताबिक शैली चौधरी भी इस्तीफा दे सकती हैं। ऐसी स्थिति में प्रदेश में उपचुनाव की नौबत आएगी। बताया जा रहा है कि इसकी पूरी स्क्रिप्ट लिखी जा चुकी है। रामकिशन व शैली चौधरी की गिनती सांसद कुमारी सैलजा के करीबियों में होती है। नारायणगढ़ सीएम नायब सैनी का गृह क्षेत्र है। वह खुद 2014 में यहां से विधायक बने थे। तब उन्होंने रामकिशन गुर्जर को ही चुनाव हराया था। इसी बीच, नेता प्रतिपक्ष भूपेंद्र हुड्डा ने मीडिया से बातचीत में कहा कि हमने पांचों विधायकों के नाम हाईकमान को भेज दिए हैं। उन पर कार्रवाई होगी। 5 कांग्रेसी विधायकों ने नांदल को वोट किया कांग्रेस के 5 विधायकों ने पार्टी के आधिकारिक प्रत्याशी कर्मवीर बौद्ध की बजाय निर्दलीय सतीश नांदल को वोट दिया। इनमें से 4 विधायक तो 3 दिन तक हिमाचल में कांग्रेस की बाड़ाबंदी में भी रहे। बावजूद इसके वो BJP समर्थित निर्दलीय प्रत्याशी के संपर्क में आ गए। हम इस खबर को लगातार अपडेट कर रहे हैं…
हरियाणा कांग्रेस के कार्यकारी अध्यक्ष ने पार्टी छोड़ी:विधायक पत्नी भी दे सकतीं इस्तीफा; राज्यसभा चुनाव में क्रॉस वोटिंग करने वाले 5 MLA में नाम
