प्रदेश के नगरीय क्षेत्रों में अमृत मित्र के रूप में कार्य कर रही 300 महिलाओं को केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर दिल्ली में सम्मानित करेंगे। “अमृत मित्र महोत्सव” कार्यक्रम के अंतर्गत देश के सभी राज्यों की सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं को सम्मान के लिए बुलाया गया है। सम्मान के लिए दिल्ली रवाना होने से पहले इन महिलाओं ने गुरुवार को नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे से मुलाकात की। नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त भोंडवे ने बताया कि विभाग द्वारा शहरी महिलाओं को आर्थिक और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने के लिए निरंतर प्रयास किए जा रहे हैं। वर्तमान में 55 नगरीय निकायों में 312 स्व-सहायता समूहों की 1,028 महिलाएं अमृत मित्र के रूप में कार्य कर रही हैं। इन्हें ‘जल गुणवत्ता परीक्षण’ जैसी महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी गई है। ये समूह सार्वजनिक उद्यानों के रख-रखाव के साथ केंद्र सरकार के ‘वुमन फॉर ट्रीज’ कार्यक्रम के तहत पौधरोपण और उनकी सुरक्षा की जिम्मेदारी भी निभा रहे हैं। अमृत मित्र महोत्सव में मध्यप्रदेश की करीब 300 महिलाएं भाग लेंगी। इस महोत्सव में उत्तर प्रदेश, हरियाणा, महाराष्ट्र और राजस्थान सहित देश के विभिन्न राज्यों की अमृत मित्र महिलाएं भी शामिल होंगी। भारत मंडपम में जुटेंगी महिलाएं भोंडवे ने बताया कि भारत सरकार के आवासन एवं शहरी कार्य मंत्रालय द्वारा अमृत 2.0 के अंतर्गत स्व-सहायता समूह की महिलाओं को शुक्रवार को नई दिल्ली के प्रतिष्ठित ‘भारत मंडपम’ में आयोजित “अमृत मित्र महोत्सव” में आमंत्रित किया गया है। इस राष्ट्रीय समागम में देशभर से अमृत मित्र के रूप में कार्यरत स्व-सहायता समूहों की महिलाएं, नगरीय निकायों के प्रतिनिधि और वरिष्ठ अधिकारी हिस्सा लेंगे। उत्कृष्ट कार्य का होगा सम्मान केंद्रीय आवासन एवं शहरी कार्य मंत्री मनोहर लाल खट्टर अमृत मित्र पहल के अंतर्गत जल संरक्षण, स्वच्छता और शहरी प्रबंधन में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाली महिलाओं को सम्मानित करेंगे। यह आयोजन उत्कृष्ट कार्य करने वालों को पहचान दिलाने का मंच बनेगा। नगरीय प्रशासन एवं विकास आयुक्त संकेत भोंडवे ने नई दिल्ली जा रही सभी अमृत मित्र महिलाओं को बधाई देते हुए कहा कि अमृत मित्र पहल शहरी विकास में महिलाओं की सक्रिय भागीदारी और नेतृत्व का प्रेरक उदाहरण है।
भारत मंडपम में सम्मानित होंगे एमपी की महिलाएं:केंद्रीय आवास और शहरी कार्य मंत्री करेंगे सेल्फ हेल्प ग्रुप की महिलाओं का सम्मान
