रोहतक जिले के लाखन माजरा थाना क्षेत्र के बैंसी गांव में लकड़ियां ढूंढने निकली एक महिला को हरियाणा रोडवेज की बस ने कुचल दिया। इस हादसे में महिला की मौत हो गई, जबकि दूसरी महिला घायल हो गई। पुलिस ने बस चालक के खिलाफ मामला दर्ज किया है। बैंसी गांव निवासी रेखा पत्नी परमानंद ने पुलिस को दी शिकायत में बताया कि वह और उसकी पड़ोसन सुमन पत्नी सतीश खाना पकाने के लिए लकड़ी की तलाश में बैंसी पेट्रोल पंप की ओर जा रही थीं। सुबह करीब 11:30 बजे जब वे सड़क पर अपनी साइड से चल रही थीं, तभी हरियाणा रोडवेज की एक बस ने उन्हें तेज गति और लापरवाही से टक्कर मार दी। राहगीरों ने कराया अस्पताल में भर्ती राहगीरों ने दोनों महिलाओं को उपचार के लिए लाखन माजरा सीएचसी में भर्ती कराया। गंभीर हालत को देखते हुए चिकित्सकों ने उन्हें रोहतक पीजीआई रेफर कर दिया। पीजीआई में उपचार के दौरान सुमन की मौत हो गई। रेखा को उपचार के बाद अस्पताल से छुट्टी दे दी गई है। रेखा ने बताया कि उन्होंने बस का नंबर नोट कर लिया था। बस ड्राइवर की पहचान भिवानी जिले के तिगड़ाना गांव निवासी बिशल सिंह के रूप में हुई है।
महम में महिलाओं को रोडवेज बस ने कुचला:एक की मौत, दूसरी घायल, खाना पकाने के लिए लकड़ी लेने जा रही थी
