फतेहाबाद जिले में रतिया रोड पर एक महिला की डेडबॉडी मिली है। महिला की हत्या की आशंका जताई गई है। गुरुनानकपुरा चौकी पुलिस को उसके गले पर ऐसे निशान मिले हैं, जिससे गला दबाकर हत्या करने का शक जाहिर होता है। हालांकि, पुलिस को पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार है। पोस्टमॉर्टम के बाद ही मौत के असली कारणों की जानकारी मिल पाएगी। मां के पास रहती थी महिला जानकारी के अनुसार, रतिया शहर की शिमलापुरी की महिला संदीप कौर की अपने पति से अनबन चल रही थी। इस कारण वह अपनी मां के पास रतिया की शिमलापुरी कॉलोनी में रह रही थी। महिला अक्सर काम के सिलसिले में बाहर भी चली जाती थी। वह गुरुवार रात को भी घर से बाहर गई हुई थी। इसी बीच पुलिस को देर रात 12 बजे महिला की डेडबॉडी की सूचना मिली। इसके बाद पुलिस मौके पर पहुंची और उसके बारे में जानकारी जुटाई। इसके बाद परिजनों को सूचित किया गया। रात में ही परिजन फतेहाबाद पहुंचे। आज परिजनों के बयान लेने के बाद पोस्टमॉर्टम कार्रवाई होगी। पोस्टमॉर्टम से पता चलेगा कारण- इंचार्ज गुरुनानकपुरा पुलिस चौकी के इंचार्ज रमेश कुमार ने बताया कि महिला का शव सिविल अस्पताल के शवगृह में रखवाया हुआ है। परिजनों के बयान लेकर कागजी कार्रवाई पूरी करके पोस्टमॉर्टम करवाया जाएगा। पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट में ही पता चलेगा कि मौत कैसे हुई है। हालांकि, गले पर कुछ निशान दिख रहा है। मगर सही कारण पोस्टमॉर्टम के बाद ही पता चलेगा।
फतेहाबाद में महिला का मिला शव, हत्या की आशंका:पति से अनबन, गले पर मिले निशान; पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट का इंतजार
