करनाल जिले में सड़क हादसे में एक महिला की जान चली गई। महिला अपने परिवार के साथ धार्मिक स्थल पर जा रही थी, तभी पीछे से आए भारी वाहन ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि महिला वाहन की तरफ गिर गई, जबकि पति और बच्चा दूसरी ओर जा गिरे। आसपास के लोगों की मदद से महिला को अस्पताल ले जाया गया, जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। घटना के बाद मौके पर पुलिस पहुंची और जांच शुरू की गई। धार्मिक स्थल के लिए निकले थे दंपती और बेटा मृतका की पहचान रजनी के रूप में हुई है, वह उचानी गांव की रहने वाली थी। रजनी के पति रविंद्र ने बताया कि 8 जनवरी को वह अपनी पत्नी और पांच साल के बेटे के साथ बाइक पर उचानी से मधुबन स्थित पक्के पुल धाम में मत्था टेकने के लिए निकले थे। रास्ते में पत्नी ने बाइक साइड में रोकने को कहा। रविंद्र ने बाइक रोक दी और बच्चे को वॉशरूम के लिए उतारा। इसके बाद रजनी दोबारा बच्चे के साथ बाइक पर बैठ गई। पीछे से आई हाइड्रा ने मारी टक्कर रविंद्र के अनुसार बाइक उस समय वहीं खड़ी थी। इसी दौरान पीछे से आई हाइड्रा ने बाइक को टक्कर मार दी। टक्कर लगते ही रजनी हाइड्रा की तरफ गिर गई, जबकि रविंद्र और उनका बेटा दूसरी तरफ सड़क पर गिर पड़े। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए दौड़े। निजी अस्पताल में इलाज के दौरान मौत रविंद्र ने बताया कि वह तुरंत अपनी पत्नी को एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे, लेकिन वहां इलाज के दौरान रजनी ने दम तोड़ दिया। हादसे की सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर मॉर्च्युरी हाउस में रखवाया। हाइड्रा ड्राइवर गिरफ्तार, जांच जारी रविंद्र के परिजनों ने बताया कि हाइड्रा ड्राइवर को पकड़ लिया गया है। पुलिस ने आज पोस्टमॉर्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया। पुलिस का कहना है कि पूरे मामले की जांच की जा रही है और हादसे के कारणों की पुष्टि जांच के बाद की जाएगी। परिवार का रो-रोकर बुरा हाल है और घर में मातम का माहौल है।
हाइड्रा की टक्कर से बाइक सवार महिला की मौत:बाल-बाल बचे पति और बेटा, मधुबन के पक्के पुल धाम जा रहे थे
