झज्जर शहर की ग्रीवेंस मीटिंग में मंत्री श्याम सिंह राणा के काफिले को रोककर सुर्खियों में आई मांडोठी गांव की रहने वाली महिला जगपति की समस्या अब तक हल नहीं हो सकी है। शिकायत न सुने जाने से नाराज होकर महिला पहले मंत्री की गाड़ी के सामने खड़ी हो गई थी, जिससे मौके पर हंगामा खड़ा हो गया था। पुलिसकर्मियों ने उसे गाड़ी के आगे से हटाया था। अब एक बार फिर महिला ने प्रशासन पर अनदेखी के आरोप लगाए हैं। दैनिक भास्कर ऐप से बातचीत में जगपति ने कहा कि मंत्री से मिलने के बाद भी अधिकारी उसे लगातार चक्कर कटवा रहे हैं। वह नागलोई से झज्जर तक आती है, लेकिन दफ्तरों में कोई सुनवाई नहीं होती। अगली मीटिंग में फिर रोकूंगी रास्ता” महिला ने साफ कहा कि अगर उसे न्याय नहीं मिला, तो अगली ग्रीवेंस मीटिंग में फिर से मंत्री का रास्ता रोकेगी। उसका आरोप है कि हर बार उसे एक दफ्तर से दूसरे दफ्तर भेज दिया जाता है, लेकिन समाधान कहीं नहीं मिलता। थाने और दफ्तरों के काट रही चक्कर जगपति ने बताया कि वह सोमवार को भी डीसी कार्यालय पहुंची थी। समाधान शिविर में अपनी शिकायत रखी, लेकिन वहां से उसे पुलिस थाने के पास भेज दिया गया। थाने पहुंचने पर भी कोई पुलिसकर्मी नहीं मिला। पूरा दिन इंतजार करने के बाद वह मायूस होकर घर लौट गई। 2011 में खरीदा प्लॉट, आज तक नहीं हुई रजिस्ट्री पीड़िता के अनुसार उसने 2011 में झज्जर के एक व्यक्ति से 300 गज का प्लॉट खरीदा था, लेकिन आज तक उसकी रजिस्ट्री नहीं हुई। मामले में डीसी पहले ही मान चुके हैं कि महिला के साथ फ्रॉड हुआ है और जांच डीसीपी को सौंपी गई है। प्रशासन से फिर लगाई न्याय की गुहार महिला ने सोमवार देर शाम एक बार फिर दैनिक भास्कर ऐप के माध्यम से प्रशासन से न्याय की गुहार लगाई है। अब देखना होगा कि प्रशासन मामले में कब तक ठोस कार्रवाई करता है या महिला को यूं ही दफ्तरों के चक्कर काटने पड़ेंगे।
झज्जर में महिला बोलीं- फिर रोकूंगी मंत्री का काफिला:जमीन की रजिस्ट्री का मामला, शिकायत पर नहीं हुआ समाधान; अधिकारी कटवा रहे चक्कर
