फरीदाबाद जिले के तिगांव थाना क्षेत्र के नागर पट्टी गांव में एक महिला की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। महिला के परिजनों का कहना है कि वह लंबे समय से बीमार चल रही थी और इसी कारण मानसिक रूप से परेशान रहती थी। घटना के बाद परिजनों ने महिला का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया। जिसके बाद पुलिस मामले की जांच में जुट गई है। जानकारी के अनुसार नागर पट्टी तिगांव के महिपाल की पत्नी अनीता (48) काफी समय से बीमार थी। बीमारी के कारण वह मानसिक रूप से भी परेशान रहती थी। बताया जा रहा है कि 7 मार्च की रात अनीता ने अपने घर के कमरे में फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की। घटना का पता चलते ही परिजन तुरंत उसे उपचार के लिए एक निजी अस्पताल लेकर पहुंचे। अस्पताल में डॉक्टरों ने जांच के बाद अनीता को मृत घोषित कर दिया। दूसरे अस्पताल की बोलकर शव ले गए परिजन 8 मार्च को थाना तिगांव पुलिस को निजी अस्पताल की ओर से एक रुक्का प्राप्त हुआ, जिसमें बताया गया कि महिला ने रात के समय अपने घर पर फांसी का फंदा लगाकर आत्महत्या की थी। हालांकि जब तक पुलिस अस्पताल पहुंची, तब तक महिला के परिजन शव को वहां से ले जा चुके थे। अस्पताल कर्मचारियों ने पुलिस को बताया कि परिजन यह कहकर शव ले गए थे कि वे उसे दूसरे अस्पताल में इलाज के लिए ले जा रहे हैं। शव का पोस्टमॉर्टम नहीं करवाया इसके बाद परिजन अनीता को गांव लेकर पहुंचे और देर रात करीब 2:30 से 3:00 बजे के बीच उसका अंतिम संस्कार कर दिया। पुलिस जब महिला के घर पहुंची, तो उन्हें पता चला कि शव का पोस्टमार्टम कराए बिना ही अंतिम संस्कार कर दिया गया है। बताया जा रहा है कि अंतिम संस्कार के दौरान महिला के मायके और ससुराल पक्ष के लोग भी मौजूद थे। मामले की जांच की जा रही- एसीपी एसीपी तिगांव अशोक कुमार ने बताया कि मामले की सूचना पुलिस को मिल चुकी है और जांच की जा रही है। परिवार के सभी सदस्यों से पूछताछ कर उनके बयान लिए जा रहे हैं। यदि जांच के दौरान कोई भी संदिग्ध बात सामने आती है, तो नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
फरीदाबाद में महिला ने फंदा लगाकर दी जान:परिजनों ने बिना पोस्टमॉर्टम के किया अंतिम संस्कार; जांच में जुटी पुलिस
