करनाल जिले में नेशनल हाईवे पर शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसा हो गया। तेज रफ्तार ट्रक ने बाइक को टक्कर मार दी, जिससे बाइक सवार एक महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसे के बाद ट्रक ड्राइवर वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और हालात का जायजा लिया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमॉर्टम के लिए मॉर्च्युरी हाउस करनाल भेज दिया और मामले की जांच शुरू कर दी है। घर लौटते समय हादसा मृतका की पहचान सुलतानपुर गांव करनाल की केला देवी के रूप में हुई है। महिला शनिवार को बाइक पर सवार होकर अपने घर की ओर जा रही थी। बाइक को उसके परिवार का ही एक सदस्य चला रहा था। जब वे करनाल नेशनल हाईवे पर पहुंचे, तभी पीछे से आए ट्रक ने बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी तेज थी कि बाइक का संतुलन बिगड़ गया और महिला सड़क पर जा गिरी। सड़क पर गिरने के बाद ट्रक ने कुचला बाइक से गिरते ही महिला ट्रक की चपेट में आ गई। ट्रक महिला को रौंदते हुए आगे निकल गया, जिससे महिला की मौके पर ही मौत हो गई। हादसा होते देख आसपास मौजूद लोग तुरंत घटनास्थल की ओर दौड़े और घायल महिला को संभालने का प्रयास किया, लेकिन तब तक उसकी मौत हो चुकी थी। हादसे के बाद मचा हड़कंप सड़क हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई। आसपास के लोगों ने तुरंत पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलने के बाद पुलिस की टीम मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण किया। पुलिस ने यातायात को कुछ देर के लिए नियंत्रित किया, ताकि स्थिति सामान्य हो सके। पुलिस ने परिजनों को हादसे की सूचना दी, जिसके बाद परिवार में मातम पसर गया। परिजन रोते-बिलखते मॉर्च्युरी हाउस पहुंचे। ट्रक ड्राइवर की तलाश में जुटी पुलिस पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर करनाल के कल्पना चावला मेडिकल कॉलेज में पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि आरोपी ट्रक ड्राइवर की तलाश की जा रही है। आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की जांच की जा रही है और जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार कर लिया जाएगा। पुलिस मामले की गहनता से जांच कर रही है।
करनाल सड़क हादसे में महिला की मौत:ट्रक ने बाइक को मारी टक्कर, ड्राइवर फरार; घर जाते समय हादसा
