हांसी जिले के नारनौंद स्थित नाड़ा गांव में बुधवार सुबह करीब 6 बजे एक घर में आग लग गई। इस हादसे में 65 वर्षीय बिमला देवी की इलाज के दौरान मौत हो गई। आग में अपनी मां को बचाने के प्रयास में उनका बेटा नवनीत भी गंभीर रूप से झुलस गया। दोनों घायलों को पहले जींद के नागरिक अस्पताल ले जाया गया, जहां से बिमला देवी की गंभीर हालत को देखते हुए उन्हें पीजीआई रोहतक रेफर कर दिया गया था। महिला के शव का पोस्टमार्टम वीरवार को पीजीआई रोहतक में कराया जाएगा। घर में पेट्रोल से भड़की आग पुलिस के अनुसार, बिमला देवी लंबे समय से बीमार थीं और रीढ़ की हड्डी की समस्या के कारण चलने-फिरने में असमर्थ थीं। घटना के समय वह घर में चारपाई पर लेटी हुई थीं।उनका बेटा नवनीत मजदूरी पर जाने के लिए तैयार हो रहा था। बताया गया है कि घर में अचानक आग लग गई। कमरे में पेट्रोल की केनी रखी होने के कारण आग तेजी से फैली और देखते ही देखते पूरे कमरे को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे के समय नवनीत की 5 वर्षीय बेटी भी उसी कमरे में मौजूद थी। आग की लपटें देखकर बच्ची घबरा गई और चिल्लाने लगी। मां को बचाते वक्त झुलसा बेटा बच्ची की आवाज सुनकर नवनीत तुरंत कमरे में गया। बच्ची किसी तरह कमरे के एक कोने में खड़ी हो गई थी, लेकिन बिमला देवी आग की चपेट में आ चुकी थीं। नवनीत ने अपनी मां को आग से बचाने और बाहर निकालने का प्रयास किया। इस दौरान वह खुद भी गंभीर रूप से झुलस गया। आसपास के लोगों ने मौके पर पहुंचकर दोनों घायलों को तुरंत अस्पताल पहुंचाया। शॉर्ट सर्किट से घर में लगी आग जींद अस्पताल में प्राथमिक उपचार के बाद बिमला देवी को पीजीआई रोहतक रेफर किया गया था, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई। परिजनों ने आग लगने का कारण शॉर्ट सर्किट बताया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है और आग लगने के वास्तविक कारणों का पता लगाया जा रहा है।
घर में आग लगने से महिला की मौत:नारनौंद में मां को बचाते बेटा झुलसा; शॉर्ट सर्किट से लगी, पेट्रोल से भड़की
