फतेहाबाद में ई-रिक्शा पलटने से महिला की मौत:तीन घायल, तेज रफ्तार कार ने मारी टक्कर, अपने गांव लौट रही थी मृतका

Spread the love

फतेहाबाद के सेक्टर-3 के पास तेज रफ्तार कार ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। जिससे ई-रिक्शा सड़क पर पलट गया। इस हादसे में ई-रिक्शा सवार चार महिलाएं घायल हो गई, जिनमें से एक महिला की इलाज के दौरान मौत हो गई। वहीं, महिला की सास भी गंभीर रूप से घायल हुई है। घटना को अंजाम देकर कार ड्राइवर मौके से फरार हो गया। सूचना पाकर शहर थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायलों के बयान लेने के बाद कार ड्राइवर की तलाश शुरू की। सास के साथ फतेहाबाद शहर में आई थी महिला जानकारी के अनुसार, गांव मतानी निवासी राजबाला (32) अपनी सास रेशमा के साथ किसी निजी कार्य से फतेहाबाद आई हुई थी। ई-रिक्शा में सवार होकर वे वापस गांव लौट रही थीं। उनके साथ दो और महिलाएं भी सवार थी। इसी दौरान सेक्टर-3 के पास हिसार की तरफ से तेज रफ्तार कार लेकर आ रहे ड्राइवर ने ई-रिक्शा को टक्कर मार दी। टक्कर इतनी जबरदस्त थी कि ई-रिक्शा सड़क पर ही पलट गया और उसमें सवार महिलाएं नीचे गिर गई। हादसे के बाद आसपास के लोग मौके पर एकत्र हो गए और घायलों को तुरंत नागरिक अस्पताल पहुंचाया गया। दो घायल महिलाओं को प्राथमिक उपचार के बाद भेजा घर डॉक्टर ने गंभीर रूप से घायल राजबाला को मृत घोषित कर दिया। वहीं, उसकी सास रेशमा (55) का अस्पताल में इलाज जारी है, जहां उसकी हालत स्थिर बताई जा रही है। ई-रिक्शा में सवार दो अन्य ठाकर बस्ती निवासी महिलाओं को मामूली चोटें आई थीं, जिन्हें प्राथमिक उपचार के बाद घर भेज दिया गया। कार ड्राइवर की तलाश की जा रही- एसएचओ शहर थाना प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर मारने के बाद कार ड्राइवर फरार हो गया है। कार के नंबर के आधार पर ड्राइवर की तलाश की जा रही है। घायलों के बयान लिए जा रहे हैं।