अंबाला में कार ने महिला को कुचला, मौके पर मौत:20 फुट तक घसीटा; पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा

Spread the love

अंबाला के मिट्ठापुर इलाके में एक तेज रफ्तार कार ने सड़क पार कर रही महिला को टक्कर मार दी। इस हादसे में महिला की मौके पर ही मौत हो गई। घटना पास लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई। सफेद रंग की कार ने महिला को जोरदार टक्कर मारी, जिससे वह करीब 20 फुट तक सड़क पर घसीटती चली गई। टक्कर मारने के बाद चालक कार सहित मौके से फरार हो गया। मृतक महिला की पहचान मोदी भट्टे पर काम करने वाली पुष्पा के रूप में हुई है। उनके देवर ने बताया कि पुष्पा दवाई लेने के लिए मिट्ठापुर आई थीं और सड़क पार करते समय हादसे का शिकार हो गईं। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए अंबाला कैंट के नागरिक अस्पताल भिजवाया। जांच अधिकारी रघुबीर सिंह ने बताया कि पुलिस सीसीटीवी फुटेज के आधार पर आरोपी चालक की तलाश कर रही है। फुटेज में कार का नंबर पूरी तरह स्पष्ट नहीं है, लेकिन उसमें एचआर 78ए सीरीज की सफेद आई-20 कार दिखाई दे रही है। पुलिस ने जल्द ही आरोपी को गिरफ्तार करने का आश्वासन दिया है।