फतेहाबाद जिला पुलिस ने कैंटर ड्राइवर गांव भोडियाखेड़ा के जयवीर की हत्या के मामले में उसकी पत्नी ममता को गिरफ्तार कर लिया है। जयवीर की हत्या का आरोप उसके दोस्त मनोज पर लगा है। पुलिस के अनुसार मनोज और ममता के बीच प्रेम प्रसंग था। इसी के चलते उन्होंने जयवीर को रास्ते से हटा दिया। शहर थाना फतेहाबाद के प्रभारी सुरेंद्रा ने बताया कि 11 मार्च को सेक्टर-11 स्थित निर्माणाधीन सरकारी अस्पताल के पास सड़क किनारे एक युवक का शव बरामद हुआ, जिसकी पहचान जयवीर निवासी भोडिया खेड़ा के रूप में हुई। शव पर सिर में चोट के निशान पाए गए। इस संबंध में फतेहाबाद शहर थाना में बीएनएस की धारा 103(1) के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू की गई। जांच के दौरान पुलिस टीम ने पहले ही सह-आरोपी मनोज कुमार को काबू कर लिया था। आगे की जांच में मृतक की पत्नी ममता की संलिप्तता सामने आई, जिसे तत्परता से कार्रवाई करते हुए काबू किया गया। ममता ने मनोज संग मिलकर रची साजिश पूछताछ में खुलासा हुआ कि आरोपी मनोज कुमार और ममता के बीच प्रेम प्रसंग था तथा दोनों ने मिलकर जयवीर की हत्या की साजिश रची थी। योजना के तहत दोनों ने जयवीर की हत्या कर शव को सड़क किनारे फेंक दिया, ताकि घटना को छिपाया जा सके।
फतेहाबाद के जयवीर मर्डर केस में पत्नी गिरफ्तार:प्रेमी संग रची थी साजिश; कैंटर ड्राइवर के सिर में मारी चोट
