टोल टैक्स बचाने के चक्कर में तालाब में गिरी कार:यमुनानगर में युवक की मौत, बहन घायल; जीरकपुर में पेपर देकर लौट रहे थे

Spread the love

यमुनानगर जिले में मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर टोल टैक्स बचाने के प्रयास में एक दर्दनाक हादसा हो गया। गांव कानड़ी खुर्द में काले रंग की नई क्रेटा कार तालाब में जा गिरी। कार में प्रोफेसर कॉलोनी के सगे भाई-बहन सवार थे। हादसा दोपहर करीब 12 बजे हुआ। दोनों भाई बहन जीरकपुर से पेपर देकर वापस लौट रहे थे। सूचना मिलते ही आसपास के ग्रामीण मौके पर पहुंचे और ट्रैक्टर-ट्रॉली की मदद से कड़ी मशक्कत के बाद कार को तालाब से बाहर निकाला। ग्रामीणों ने तुरंत दोनों को बाहर निकालकर अस्पताल भिजवाया, जहां डॉक्टर ने भाई को मृत घोषित कर दिया, वहीं बहन का इलाज चल रहा है। जीरकपुर से पेपर देकर लौट रहे थे मृतक की पहचान हिमांशु पुत्र कृष्ण लाल के रूप में हुई है। हिमांशु आज सुबह क्रेटा कार में अपनी बहन तान्या को जीरकपुर में एग्जाम दिलवाने लेकर गया था। वापसी में करीब दोपहर 12 बजे वे मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर पहुंचे। तान्या गाड़ी के पीछे बैठी हुई थी। टोल टैक्स बचाने के लिए उन्होंने शॉर्टकट को चुना जो पास के गांव में से होकर गुजरता है। ऐसे में उस रास्ते पर चल पड़े। रास्ते में गांव कानडी खुर्द में रास्ता संकरा था तो ऐसे में सामने से दूसरी गाड़ी आ गई। इतने में ही गाड़ी का बैलेंस बिगड़ गया और गाड़ी सड़क से नीचे तालाब में जा गिरी। 15 दिन पहले ही ली थी नई कार हिमांशु के पिता कृष्ण लाल ने बताया कि हिमांशु ने बीटेक की पढ़ाई की हुई थी और अब वह चंडीगढ में एक कंपनी में बतौर सॉफ्टवेयर इंजीनियर काम कर रहा था। उन्होंने 15 दिन पहले ही नई कार ली थी जिसको हिमांशु चंडीगढ़ लेकर गया था। बहन तान्या का जीरकपुर में आज शुक्रवार को एग्जाम था तो पिता ने उसके लिए कैब बुक करवाई थी। लेकिन हिमांशु ने कहा कि वह खुद तान्या को एग्जाम दिलवाने लेकर जाएगा। ऐसे में वह गुरुवार की रात को चंडीगढ़ से यमुनानगर आया और आज सुबह शुक्रवार को बहन तान्या को गाड़ी में लेकर गया। वापसी में हिमांशु ने मिल्क माजरा टोल प्लाजा पर 100 रुपए का टोल टैक्स बचाने के लिए शार्टकट अपना लिया। ये रास्ता 5 किलोमीटर लंबा पड़ता है। कृष्ण लाल ने बताया कि हिमांशु 3 फरवरी को 30 साल का हो जाता। ऐसे में इन दिनों घर में उसकी शादी को लेकर बातचीत चल रही थी। इसी बीच ये हादसा हो गया। डॉक्टरों ने भाई को मृत घोषित किया सुचना मिलते ही भारी संख्या में ग्रामीण मौके पर पहुंच गए। और घायलों को कड़ी मशक्कत के बाद गाड़ी के शीशे तोड़ के बाहर निकाला गया। दोनों को तुरंत हॉस्पिटल लेकर गए जहां पर भाई को मृत घोषित कर दिया। वहीं बहन को मुंह पर गहरी चोट आई है। उसके आगे के दांत टूट गए है। सूचना मिलते ही मौके पर पहुंची पुलिस सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और गाड़ी को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू की। स्थानीय लोगों के अनुसार यह रास्ता अक्सर टोल टैक्स बचाने के लिए इस्तेमाल किया जाता है, लेकिन सड़क किनारे तालाब होने के कारण यहां पहले भी हादसों का खतरा बना रहता है। ग्रामीणों का कहना है कि समय रहते चेतावनी बोर्ड और सुरक्षा इंतजाम नहीं होने से ऐसे हादसे हो रहे हैं।