केन्द्रीय वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण ने आज संसद में केन्द्रीय बजट पेश किया। 85 मिनट के भाषण में वित्त मंत्री ने आम आदमी के लिए कोई बड़ा ऐलान नहीं किया। हालांकि टैक्स फाइल करने में सहूलियत, रेलवे प्रोजेक्ट और आयुर्वेदिक AIIMS जैसी नई बातें कही गई हैं। केन्द्रीय बजट के बाद शेयर मार्केट में भारी गिरावट दर्ज की गई। सेंसेक्स में 2300 अंकों की गिरावट दर्ज की गई।
बजट पर एमपी के डिप्टी सीएम और वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने भास्कर से कहा कि पूरे देश के लिए बजट था और उसमें ही मध्य प्रदेश है। जितने भी बजट में प्रावधान हुए हैं। उन सबका लाभ मध्य प्रदेश को मिलेगा। बहुत बडे़ बडे़ काम इस बजट में हुए हैं। इन्फ्रास्ट्रक्चर के लिए हो या पूंजीगत कार्यों के लिए 12 लाख 20 हजार करोड़ का प्रावधान किया है। इससे रोजगार भी मिलेगा और व्यापार भी बढ़ेगा। एक नहीं अनेक क्षेत्रों में इसका लाभ मिलेगा। ये बजट स्वागत योग्य है। हमारी जो उम्मीदें थीं वो पूरी हुई हैं। शेयर मार्केट गिरने पर वित्त मंत्री जगदीश देवड़ा ने कहा- ये सारी बातें एक सतत प्रक्रिया है। सीएम बोले- बजट का लक्ष्य भारत को सशक्त बनाने का है
केन्द्रीय बजट पर प्रतिक्रिया देते हुए मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का यह बजट प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सरकार का 12वां और वित्त मंत्री निर्मला सीतारमण द्वारा प्रस्तुत किया गया नौवां बजट है। उन्होंने इसे ‘विकसित भारत 2047’ की दिशा में मजबूत कदम बताया। गरीब, युवा, किसान और महिलाओं पर विशेष फोकस मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि मोदी सरकार के तीसरे कार्यकाल का यह बजट विकसित भारत 2047 की नींव मजबूत करने वाला है। इसमें गरीबों, युवाओं, अन्नदाता किसानों और महिलाओं के सशक्तिकरण को प्राथमिकता दी गई है। बजट का उद्देश्य सभी वर्गों के साथ न्याय करते हुए देश को आर्थिक रूप से मजबूत बनाना है। बायो-फार्मा हब बनने की ओर भारत, विनिर्माण को बढ़ावा सीएम ने कहा कि भारत को बायो-फार्मा हब बनाने के लिए विनिर्माण क्षेत्र में बड़े स्तर पर निवेश किया गया है। इसके तहत एक हजार क्लिनिकल ट्रायल स्थलों के विकास का फैसला लिया गया है, जिससे रिसर्च और हेल्थ सेक्टर को मजबूती मिलेगी। एआई और रिसर्च से एमपी को मिलेगा सीधा फायदा डॉ. यादव ने कहा कि आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस और रिसर्च एंड डेवलपमेंट पर विशेष ध्यान दिया गया है। इससे देश के साथ-साथ मध्य प्रदेश भी तकनीकी विकास में आगे बढ़ेगा। हेमंत खंडेलवाल बोले- यह विकास और विश्वास का बजट है बीजेपी प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल ने कहा कि यह विकास और विश्वास का बजट है। अगले दशकों तक भारत की दिशा क्या होगी? उसे तय करने वाला बजट है। अगर हमें दुनिया में आगे जाना है तो हमें उन सब चीजों पर ध्यान देना होगा। जिसके कारण भारत, चीन, अमेरिका के मुकाबले आगे बढ़ें। जिन सेक्टरों में दो, तीन देशों का दबदबा है। उन सब चीजों के प्रोडक्शन में भारत ने ध्यान दिया है। लॉजिस्टिक में हमारी लागत ज्यादा होने के कारण, हम कम एक्सपोर्ट कर पाते हैं। इसके लिए पहली बार मालगाड़ी के लिए अलग कॉरिडोर बनाने की बात कही गई है, ताकि लॉजिस्टिक के खर्चे कम हों और चीन के मुकाबले हमारी लागत कम हो।
