रेवाड़ी में पुलिस ने पकड़ा तो चोरों ने कान पकड़े,VIDEO:राजस्थान से आकर मंदिर में चांदी का छत्र-कैश चुराया, पहली चोरी में ही पकड़े गए

Spread the love

हरियाणा के रेवाड़ी जिले में मंदिर में चोरी के 3 आरोपियों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार, ये तीनों राजस्थान से यहां चोरी करने आए थे। जब इन्हें पकड़ लिया गया तो ये कान पकड़कर माफी मांगने लगे। कहने लगे कि मंदिर में चोरी कर गलती की है। भविष्य में ऐसा कभी नहीं करेंगे। पुलिस ने तीनों को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया और 2 दिन की रिमांड पर लिया है। साथ ही चोरी का सामान भी बरामद हो गया है, जिसमें बाबा बंद देव मंदिर से चुराए 6 चांदी के छत्र और दान पेटी से निकाले 60 हजार रुपए शामिल हैं। पूछताछ में आरोपियों ने बताया है कि चोरी का यह उनका पहला मौका था। हालांकि, किसी और वारदात को अंजाम देने की आशंका पर पुलिस तीनों से पूछताछ कर रही है। पुलिस ने मामले की यह जानकारी दी… 18 से 24 साल के युवकों ने की चोरी
मंदिर में चोरी के आरोप में पकड़े गए तीनों आरोपियों की उम्र 18 से 24 साल के बीच है और सभी राजस्थान के खैरथल तिजारा जिले के रहने वाले हैं। इनमें खेडाती गांव का रहने वाला 18 वर्षीय मोहित, बासली का निवासी सचिन (20) और खेड़ा ठाकरान का रहने वाला महावीर (24) शामिल है। तीनों आरोपी राजस्थान से बाइक पर सवार होकर आए थे। चोरी की वारदात को अंजाम देने के बाद बाइक से ही लौटे। हालांकि, इनका कोई पिछला क्रिमिनल रिकॉर्ड नहीं है, इसलिए पुलिस ने कहा है कि यह इनका पहला ही जुर्म था और पहली ही बार में पकड़े गए हैं।