विधायक का बेटा.. तो क्या मंदिर के गर्भगृह में वरमाला:आगे टाइगर, पीछे टाइगर.. बीच में फंसे कलेक्टर; अनुपम खेर ने चुकाई 500 रुपए उधारी

Spread the love

मध्य प्रदेश की राजनीति, नौकरशाही और अन्य घटनाओं पर चुटीली और खरी बात का वीडियो (VIDEO) देखने के लिए ऊपर क्लिक करें। इन खबरों को आप पढ़ भी सकते हैं। ‘बात खरी है’ मंगलवार से रविवार तक हर सुबह 6 बजे दैनिक भास्कर ऐप पर मिलेगा। कलेक्टर का टाइगर से हुआ आमना-सामना
टाइगर… नाम सुनते ही सिट्‌टी पिट्‌टी गुम हो जाए। सोचो, अगर सामने ही आ जाए तो…। पन्ना टाइगर रिजर्व में कलेक्टर उषा परमार और उनके मातहत अधिकारियों के साथ कुछ ऐसा ही हुआ। जिप्सी के आगे टाइगर, जिप्सी के पीछे टाइगर और बीच में कलेक्टर समेत अन्य अधिकारी..। आलम ये रहा कि डर भी था, रोमांच भी था और एडवेंचर भी। जैसे-जैसे वनराज गाड़ी के करीब आ रहे थे, अधिकारी ड्राइवर से कह रहे थे- गाड़ी आगे करो, गाड़ी पीछे करो। किसी के मुंह से निकला- कितना बड़ा टाइगर है। अरे! बाप रे…। अधिकारियों ने डर के बीच ही अपने-अपने मोबाइल में इस रोमांचकारी नजारे को कैद कर लिया। जब टाइगर गाड़ियों के आगे-पीछे से हटे तब जाकर सांस में सांस आई। चूहों के आतंक पर मंत्री का गोलमोल जवाब
इंदौर के एमवाय अस्पताल के बाद जबलपुर के विक्टोरिया अस्पताल में चूहों की अठखेलियों का वीडियो सामने आने पर हेल्थ सिस्टम पर एक बार फिर सवाल खड़े हो गए हैं। डिप्टी सीएम और हेल्थ मिनिस्टर राजेंद्र शुक्ल से जब इस बारे में सवाल किया गया तो गोलमोल जवाब देकर वे इस समस्या का निदान बताने लगे। इस दौरान वे ‘पेस्ट कंट्रोल’ शब्द पर अटक गए। मीडिया ने मंत्री से सवाल किया कि मध्य प्रदेश के अस्पतालों में चूहों का आतंक.. ये खबरें चलती है तो आपको कैसा लगता है। मंत्री जी ने कैसा लगता है, ये नहीं बताया। हां, उन्हें ये जरूर मालूम है कि सालों से चूहों का आतंक है। उन्होंने आगे कहा- हमने तय किया है कि हमारे जो अस्पताल पुरानी बिल्डिंग में चल रहे हैं उन्हें तोड़कर नई बिल्डिंग बनाई जाएगी। कुल मिलाकर समस्या का कोई ठोस हल मंत्री जी की बातों में नजर नहीं आया। विधायक के बेटे के लिए कोई नियम नहीं है?
इंदौर से भाजपा विधायक गोलू शुक्ला के बेटे-बहू का एक वीडियो सामने आया है। इसमें वे प्रसिद्ध खजराना गणेश मंदिर के गर्भगृह में एक-दूसरे को वरमाला पहना पहनाते दिख रहे हैं, वो भी किसी शादी मंडप में बने मंच पर हो रही वरमाला रस्म की तरह। वीडियो में दिख रहा है कि दूल्हा तीन बार पीछे हटता है, चौथी बार में माला पहन लेता है। फिर अपनी दुल्हन को माला पहनाता है। वीडियो सामने आने के बाद अब लोग सवाल उठा रहे हैं कि नियम-कायदे आम लोगों के लिए ही हैं क्या? एक तरफ आम श्रद्धालुओं के गर्भगृह में आने पर पाबंदी है। वहीं विधायक के बेटे-बहू वरमाला रस्म कर रहे हैं। खजराना गणेश मंदिर ही नहीं विधायक के बेटे-बहू ने बिजासन माता मंदिर में भी गर्भगृह में जाकर दर्शन किए। इसका भी वीडियो सामने आया है। 80 रुपए उधार लिए थे, चुकाए 500 रुपए
खजुराहो फिल्म फेस्टिवल में आए अभिनेता अनुपम खेर ने अपने दोस्त और एक्टर राजा बुंदेला को 45 साल पुरानी उधारी चुकाई है। वो भी मंच पर सबके सामने। दोनों के बीच रोचक संवाद भी हुआ। अनुपम खेर ने कहा कि पहले हमारे पास पैसे नहीं होते थे, इनसे मैंने बहुत उधार लिया। अब उधार चुकाने का समय आ गया है। मुझे याद है मैंने इससे 80 रुपए लिए थे, लेकिन आज 500 रुपए वापस करूंगा। ऐसा कहकर अनुपम खेर जेब में रखे पर्स से पैसे निकालते हैं, लेकिन ये सिर्फ 100 रुपए ही थे। इसके बाद फिर से उन्होंने रुपए निकाले और 500 का नोट राजा बुंदेला के हाथों में थमा दिया। मंच पर दो अभिनेताओं के इस सीन को देखकर लोगों ने खूब तालियां बजाई। इनपुट सहयोग – विजय सिंह बघेल (भोपाल), अभिषेक दुबे (इंदौर), मोहम्मद इदरीश (पन्ना), गौरव मिश्रा (खजुराहो)। ये भी पढ़ें…
दुबई से एमपी की सड़कों और नेताओं की छीछालेदर: दुकान से मूली-अमरूद उठाकर खा गए मंत्री मध्य प्रदेश की डॉ. मोहन यादव सरकार के दो साल पूरे होने पर मंत्रियों ने अलग-अलग जिलों में प्रेस कॉन्फ्रेंस कर सरकार की उपलब्धियों का बखान किया। इस दौरान कई मंत्रियों को मीडिया के तीखे सवालों का सामना करना पड़ा। कोई मंत्री सवाल को टाल गया तो किसी ने गोलमोल जवाब दिया। पूरी खबर पढ़ें