हरियाणा में सर्द मौसम का सिलसिला जारी है। भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) चंडीगढ़ के अनुसार 17 जनवरी को राज्य में मौसम का मिजाज बदलेगा। कई क्षेत्रों में बादल छाए रह सकते हैं। वहीं न्यूनतम तापमान में हल्की बढ़ोतरी देखने को मिल सकती है। सुबह से सोनीपत और जीटी रोड के अन्य जिलों समेत प्रदेश के अन्य इलाकों में घना कोहरा छाया है। शहर के बाहरी इलाकों में विजिबिलीटी 10 मीटर से भी कम है। इससे पहले शुक्रवार को भिवानी का न्यूनतम तापमान सबसे कम 1.5 डिग्री दर्ज किया गया था। शुक्रवार को औसत न्यूनतम तापमान में 1.2°C की मामूली बढ़ोतरी भी दर्ज की गई। लेकिन राज्य का औसत तापमान अब भी सामान्य से 2.1°C कम बना हुआ है। हिसार में न्यूनतम तापमान में करीब 4.4 डिग्री की गिरावट देखी गई। हिसार में तापमान 0.2 डिग्री से बढ़कर 2.2 डिग्री पर पहुंच गया। इसके अलावा नारनौल में तापमान 2.0 डिग्री और महेंद्रगढ़ में 2.7 डिग्री दर्ज किया गया है। मौसम विभाग की माने तो हरियाणा में अलग-अलग स्थानों पर घना कोहरा देखने को मिल सकता है। खासतौर पर सुबह और देर रात को कोहरे का असर रहेगा। हालांकि दिन में धूप निकलने से लोगों को ठंड से कुछ राहत मिलने की उम्मीद है। आगे कैसा रहेगा मौसम
आईएमडी के पूर्वानुमान के मुताबिक 18, 19 और 20 जनवरी को भी राज्य में मौसम शुष्क रहेगा। इन दिनों भी कुछ स्थानों पर कोहरा छा सकता है। 19 जनवरी को एक-दो जगह हल्की बारिश की संभावना जताई गई है, लेकिन इसका असर सीमित रहेगा। इस दौरान न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक धीरे-धीरे बढ़ोतरी हो सकती है। 2 पॉइंट में पढ़िए आगे कैसा रहेगा मौसम… रात और सुबह में हल्का कोहरा: मौसम विभाग के पूर्वानुमान के अनुसार 17 और 18 जनवरी को ठंड के असर में धीरे-धीरे कमी आ सकती है। अधिकांश जिलों में फिर कोल्ड की कोई चेतावनी नहीं रहेगी। हालांकि रात और सुबह के समय हल्का से मध्यम कोहरा बना रह सकता है। 19 जनवरी के बाद बारिश की संभावना: हरियाणा कृषि विश्वविद्यालय के मौसम विज्ञान विभाग के अनुसार लगातार 2 पश्चिमी विक्षोभ 16 जनवरी और 19 जनवरी रात को आने की संभावना है। इससे मौसम में बदलाव बने रहने की संभावना है, जिससे 17 और 18 जनवरी को बूंदाबांदी होने की भी संभावना है। 19 जनवरी के बाद भी राज्य के ज्यादातर स्थानों पर बारिश की संभावना बन रही है।
हरियाणा में आज से बदलेगा मौसम, घना कोहरा छाया:प्रदेश में तापमान 1.5 डिग्री रहा; बूंदाबांदी की संभावना, न्यूनतम पारे में हल्की बढ़ोतरी संभव
