हरियाणा में आज से पश्चिमी विक्षोभ सक्रिय हो रहा है। इसके कारण मौसम का मिजाज पूरी तरह बदलने वाला है। मौसम विभाग ने 22 से 24 जनवरी तक हरियाणा में भारी बारिश, ओलावृष्टि और तेज हवाओं की चेतावनी जारी की है। मौसम केंद्र चंडीगढ़ के अनुसार, 22 जनवरी को मौसम की पहली बड़ी हलचल देखने को मिलेगी। विभाग ने इसके लिए बाकायदा एडवाइजरी जारी की है। मौसम विभाग ने अंबाला, पंचकूला, यमुनानगर, कुरुक्षेत्र, कैथल और सिरसा जिलों के लिए यलो अलर्ट जारी किया है। इस दौरान महज बारिश ही नहीं, बल्कि 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा की रफ्तार से तेज हवाएं चलेंगी। हवाओं के झोंके 60 किमी प्रति घंटा तक पहुंच सकते हैं, जिससे पेड़ों और कच्ची छतों को नुकसान पहुंचने की आशंका है। रात में राहत, दिन में बढ़ेगी ठिठुरन पश्चिमी विक्षोभ के बादल छाने की वजह से न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री की बढ़ोतरी होगी, जिससे रात की कड़ाके की ठंड थोड़ी कम महसूस होगी। बारिश और ठंडी हवाओं के चलते दिन के तापमान में गिरावट आएगी। सूरज न निकलने से ‘कोल्ड डे’ जैसे हालात बन सकते हैं। दिन का पारा चढ़ा, रात में गिरा राज्य में औसत अधिकतम तापमान में बीते कल की तुलना में 2.2°C की वृद्धि दर्ज की गई है। वर्तमान तापमान सामान्य से 3.6°C अधिक बना हुआ है। पूरे प्रदेश में पलवल (AWS) सबसे गर्म स्थान रहा, जहां अधिकतम तापमान 25.6°C दर्ज किया गया। चंडीगढ़ शहर का अधिकतम तापमान 24.0°C रहा। इसके विपरीत, रात के औसत तापमान में 1°C की गिरावट आई है, जो अब सामान्य के करीब है। राज्य में सबसे कम तापमान सोनीपत (कनाल रेस्ट हाउस, सरगथल AWS) में 4.0°C रिकॉर्ड किया गया। हिसार में भी कड़ाके की ठंड रही, जहां पारा 4.3°C तक गिर गया।
हरियाणा के 6 जिलों में आज बारिश-ओलावृष्टि की चेतावनी:60KM की रफ्तार से चलेंगी हवाएं, दिन का तापमान भी घटेगा
